Honda Elevate एसयूवी के टॉप वेरिएंट की रही डिमांड, बिकी 1 लाख यूनिट – सनरूफ, 6 एयरबैग, ADAS

Honda Elevate
Pic Source: Ashvin Raj

Honda Elevate की भारतीय बाजार में 53,326 यूनिट की बिक्री हुई है, जबकि 47,653 यूनिट को जापान सहित देशों में निर्यात किया गया है

होंडा कार्स इंडिया ने अपनी Elevate एसयूवी की 1 लाख यूनिट की बिक्री कर नई उपलब्धि हासिल की है। Honda Elevate एसयूवी की भारतीय बाजार में 53,326 यूनिट की बिक्री हुई है और पिछले महीने तक 47,653 यूनिट जापान, दक्षिण अफ्रीका, नेपाल और भूटान जैसे देशों में निर्यात की गई थी।

Honda Elevate को भारतीय बाजार में सितंबर 2023 में लॉन्च किया गया था और इसे ग्राहकों के बीच अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। होंडा कार्स इंडिया के लिए एक प्रमुख उपलब्धि जापानी बाजार में एलिवेट का प्रवेश रहा है, यह पहली बार है कि भारत निर्मित होंडा मॉडल को वहाँ निर्यात किया गया है। 2023 में निर्यात शुरू होने के बाद से, एलिवेट ने होंडा की वैश्विक पहुंच में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

कंपनी ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए निर्यात में 65 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है, जो चालू वित्तीय वर्ष (अप्रैल 2024 से जनवरी 2025 की अवधि) में 92 प्रतिशत से भी अधिक है। ज्यादा ग्राहकों तक अपनी पहुँच बढ़ाने के लिए कंपनी ने एलिवेट का एपेक्स संस्करण और ब्लैक संस्करण भी पेश किया है। एलिवेट एसयूवी अपने अमेज़ और सिटी भाई-बहनों के साथ, E20 ईंधन मानकों के अनुरूप है।

honda-Elevate-Apex-Edition.jpg

कुल मिलाकर, 53 प्रतिशत खरीदारों ने ADAS तकनीक से लैस टॉप-स्पेक ZX वेरिएंट को चुना है। वहीं एलिवेट के 79 फीसदी ग्राहकों ने सीवीटी वेरिएंट को चुना है, जो V, VX और ZX ट्रिम में उपलब्ध है। एलिवेट के 22 फीसदी खरीदार पहली बार कार खरीदने वाले हैं, जबकि 43 फीसदी से अधिक ग्राहकों ने एलिवेट को अतिरिक्त कार के रूप में ख़रीदा है।

खरीदारों के बीच रंग विकल्पों से पता चलता है कि प्लैटिनम व्हाइट पर्ल 35.1 प्रतिशत के साथ सबसे आगे है, इसके बाद गोल्डन ब्राउन मेटैलिक 19.9 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर है। अपने लॉन्च के बाद से, एलिवेट मालिकों ने सामूहिक रूप से 32.6 करोड़ किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की है।

elevate Signature Black Edition3

नए उपलब्धि पर टिप्पणी करते हुए, होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड के उपाध्यक्ष, विपणन और बिक्री, कुणाल बहल ने कहा, “एलिवेट की 1 लाख की बिक्री की उपलब्धि हम सभी के लिए गर्व का क्षण है जिसने भारत के घरेलू एसयूवी बाजार में होंडा की उपस्थिति को मजबूत किया है और भारत से मजबूत निर्यात कारोबार भी किया है। इस मॉडल ने अपनी बोल्ड स्टाइलिंग, फीचर्स, सेफ्टी और फन टू ड्राइव के लिए सभी उम्र के ग्राहकों के बीच लोकप्रियता हासिल की है।’