भारत में होंडा सिटी e:HEV की बुकिंग हुई शुरू, मिले कई सेगमेंट फर्स्ट फीचर्स

Honda City e:HEV Hybrid

होंडा सिटी e:HEV का भारत में आज अनावरण हो गया है और इसकी बुकिंग आज से शुरू हो गई हैं, जबकि इसे अगले महीने लॉन्च किया जाएगा

होंडा कार्स इंडिया ने अंततः भारत में अपनी लोकप्रिय सेडान सिटी के हाइब्रिड वर्जन का अनावरण कर दिया है। भारत में सिटी हाइब्रिड वर्जन को होंडा सिटी e:HEV के नाम से जाना जाएगा और यह ZX वैरिएंट के साथ एक ट्रिम में उपलब्ध होगी। होंडा सिटी e:HEV की बुकिंग आज से ही शुरू हो गई है और इसे अगले महीने लॉन्च किया जाएगा। कंपनी इसके साथ 40 प्रतिशत बेहतर ईंधन दक्षता और 74 प्रतिशत बेहतर टॉर्क आउटपुट का दावा करती है और इसमें कुछ सेगमेंट-फर्स्ट सेफ्टी फीचर्स सहित कई अतिरिक्त उपकरण शामिल हैं।

यहाँ ध्यान देने वाली बात यह है कि होंडा सिटी देश में स्ट्रांग हाइब्रिड पावरट्रेन प्राप्त करने वाली अपने सेगमेंट में पहली कार है और यह 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन द्वारा संचालित है। इसमें दो इलेक्ट्रिक मोटर हैं, जिसमें एक इंटीग्रेटेड स्टार्टर जनरेटर के रूप में कार्य करता है और दूसरा ईसीवीटी के माध्यम से व्हील को चलाता है। इसका संयुक्त पावर आउटपुट 126 पीएस है और यह 253 न्यूटन मीटर का टॉर्क उत्पन करता है। इस हाइब्रिड पावरट्रेन में इलेक्ट्रिक-ओनली (ईवी मोड), हाइब्रिड और पेट्रोल-ओनली (इंजन मोड) के साथ 3 ड्राइविंग मोड हैं।

इलेक्ट्रिक मोड में इसे छोटी रेंज के लिए अकेले बैटरी पावर द्वारा चलाया जा सकता है, लेकिन हाइब्रिड मोड में पेट्रोल इंजन अनिवार्य रूप से लिथियम-आयन बैटरी को चार्ज करने के लिए जनरेटर के रूप में कार्य करता है। यह ड्राइविंग मोड इंजन से अधिकतम फ्यूल दक्षता देने के लिए के लिए डिज़ाइन किया गया है। वहीं केवल पेट्रोल मोड में इंजन सीधे ईसीवीटी से कनेक्ट करने के लिए लॉक-अप क्लच का इस्तेमाल करके व्हील को संचालित करता है।Honda City e:HEV Hybridडिजाइन की बात करें तो सिटी हाइब्रिड अपने रेग्यूलर मॉडल से अलग नहीं है, लेकिन कंपनी ने इसमें कुछ बदलाव किए हैं, ताकि इसे रेग्यूलर मॉडल से अलग कर सके। इसमें टेल पर एक ‘ई:एचईवी’ बैज, मेश-टाइप फ्रंट ग्रिल, बूट-माउंटेड स्पॉइलर (बॉडी कलर्ड), अलग फॉग लैंप गार्निश, रियर बम्पर डिफ्यूज़र (कार्बन फाइबर फिनिश के साथ) और ब्लू होंडा लोगो मिलता है। इसमें ऑल-एलईडी लाइटिंग और 16-इंच के मशीन-कट अलॉय व्हील भी मिलते हैं।

होंडा सिटी ई:एचईवी के इंटीरियर में डुअल-टोन ब्लैक और आइवरी कलर थीम है, जिसमें डैश पर ग्लॉसी वुड इंसर्ट्स हैं। इंस्ट्रूमेंट कंसोल को अब पावर फ्लो डिस्प्ले मिलता है, जो ड्राइवर को यह बताता है कि हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ क्या हो रहा है। इसे अपडेटेड होंडा कनेक्ट टेक (अलेक्सा और गूगल वॉयस सहायता के साथ, स्मार्टवॉच कनेक्टिविटी के साथ) भी मिल रहा है।Honda City e:HEV Hybridहोंडा ने सिटी हाइब्रिड के साथ सेंसिंग सूट की पेशकश करके इसकी सुरक्षा में भी सुधार किया है। इसमें कोलिजन मिटिगेशन ब्रेकिंग सिस्टम, लेन कीप असिस्ट, अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, रोड डिपार्चर मिटिगेशन और ऑटो हाई बीम जैसे फीचर्स शामिल हैं। इसमें ई-पार्किंग ब्रेक और लेन वॉच कैमरा के साथ अब सभी चारों व्हील पर डिस्क ब्रेक उपलब्ध हैं। होंडा सिटी ई: एचईवी द्वारा अपनी शानदार सुरक्षा और माइलेज के आधार पर बहुत सारे खरीदारों को आकर्षित करने की उम्मीद है।