Home बाइक न्यूज़ Honda ADV160 और Rebel 300 भारत में लॉन्च, जानें कीमत और फीचर्स

Honda ADV160 और Rebel 300 भारत में लॉन्च, जानें कीमत और फीचर्स

होंडा ने भारतीय बाजार में Rebel 300 के स्टैंडर्ड वेरिएंट की कीमत 2.22 लाख रुपये और E-Clutch वेरिएंट की कीमत 2.62 लाख रुपये रखी है

होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने जुलाई 2026 में पेश किए गए अपने 10-प्रोडक्ट पोर्टफोलियो के पहले चरण के तहत Honda ADV160 और Honda Rebel 300 की कीमतों का ऐलान कर दिया है। दोनों मॉडल कंपनी की भारत में नई मल्टी-पाथवे प्रोडक्ट रणनीति का हिस्सा हैं। इनके जरिए कंपनी ग्राहकों को नई तकनीक, फ्लेक्स-फ्यूल क्षमता और अलग तरह के राइडिंग अनुभव देने की कोशिश कर रही है।

Honda ADV160 की कीमत 1.70 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, बेंगलुरु) रखी गई है। इसे Honda RedWing और BigWing डीलरशिप के जरिए बेचा जाएगा। ADV160 भारत में होंडा का पहला फ्लेक्स-फ्यूल स्कूटर है, जो E85 तक के फ्यूल ब्लेंड पर चलने में सक्षम है। इसमें कंपनी की FlexTech तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।

स्कूटर में 156.93cc का लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है। इसका डिजाइन एडवेंचर स्कूटर से प्रेरित है और इसे खराब शहरी सड़कों के साथ-साथ वीकेंड राइडिंग के लिए भी तैयार किया गया है। इसमें इस सेगमेंट में सबसे ज्यादा बताए जा रहे 27 लीटर अंडर-सीट स्टोरेज के साथ TFT डिस्प्ले, Honda RoadSync और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन मिलते हैं। इसके अलावा ADV160 में होंडा सेलेक्टेबल टॉर्क कंट्रोल (HSTC) दिया गया है। ब्रेकिंग के लिए आगे और पीछे डिस्क ब्रेक के साथ सिंगल चैनल ABS मिलता है।

Honda ADV 160

वहीं Honda Rebel 300 स्टैंडर्ड की कीमत 2.22 लाख रुपये, जबकि इसके E-Clutch वेरिएंट की कीमत 2.62 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, बेंगलुरु) रखी गई है। यह बाइक केवल Honda BigWing डीलरशिप के जरिए उपलब्ध होगी।Rebel 300 में 286cc का लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है। इसका लो-स्लॉन्ग बॉबर डिज़ाइन, ब्लैक फिनिश और रिलैक्स्ड राइडिंग पोजिशन इसे एक अलग पहचान देते हैं।

बाइक में LED प्रोजेक्टर हेडलैंप, TFT डिस्प्ले के साथ Honda RoadSync और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन दिए गए हैं। ब्रेकिंग के लिए दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक और डुअल चैनल ABS मिलते हैं। दोनों मॉडलों की बुकिंग 5,000 में शुरू हो गई है। ग्राहक इन्हें HMSI की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत डीलरशिप पर बुक कर सकते हैं। दोनों मॉडलों की डिलीवरी अक्टूबर 2026 के मध्य से शुरू होगी।

2025 Honda Rebel3

ADV160 और Rebel 300 के साथ होंडा ने अपने 10 नए प्रोडक्ट्स की लॉन्चिंग की शुरुआत कर दी है। कंपनी आने वाले समय में प्रीमियम, लाइफस्टाइल और नई तकनीक से लैस कई अन्य मॉडल भी भारतीय बाजार में पेश करेगी।