Honda Activa 110, Activa 125 और SP 125 स्पेशल एनिवर्सरी एडिशन केवल DLX वेरिएंट और दो रंगों पर्ल साइरन ब्लू और मैट स्टील ब्लैक मेटालिक में उपलब्ध हैं
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने आज अपने 3 लोकप्रिय मॉडलों Activa 110, Activa 125 और SP125 के 25वीं एनिवर्सरी एडिशन लॉन्च किए हैं। ये खास एडिशन भारत में होंडा के 25 साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए लाए गए हैं। 2001 में लॉन्च हुई होंडा एक्टिवा आज हर घर का नाम बन चुकी है और स्कूटर मार्केट में लगातार सबसे आगे है, वहीं SP125 हाल के समय में होंडा की सबसे सफल बाइक्स में से एक रही है।
इन 25वीं एनिवर्सरी एडिशन की बुकिंग शुरू हो गई है और अगस्त 2025 के अंत तक ये सभी HMSI के शोरूम में उपलब्ध होंगी। एक्टिवा 110 एनिवर्सरी एडिशन की कीमत 92,565 रुपये, एक्टिवा 125 एनिवर्सरी एडिशन की कीमत 97,270 रुपये और SP125 एनिवर्सरी एडिशन की कीमत 1,02,516 रुपये (एक्स-शोरूम) है। ग्राहक HMSI की आधिकारिक वेबसाइट के ज़रिए ऑनलाइन या अधिकृत डीलरशिप पर ऑफलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया के एमडी, प्रेसिडेंट और CEO, श्री त्सुत्सुमु ओटानी ने कहा, “25 सालों से एक्टिवा सिर्फ एक स्कूटर नहीं, बल्कि लोगों की भरोसेमंद साथी रही है। इस साल हम भारत में अपने 25 साल और देश में 70 मिलियन टू-व्हीलर बनाने की उपलब्धि मना रहे हैं। इन खास एडिशन के जरिए हम अपने ग्राहकों के भरोसे को सलाम करते हैं और आने वाले समय में बेहतरीन वैल्यू देने का वादा करते हैं।”

25 साल के एडिशन में खास डिज़ाइन बदलाव किए गए हैं। इसमें स्पेशल ग्राफिक्स, एक्टिवा में फ्रंट पैनल पर 25 साल का बैज और SP125 में फ्यूल टैंक पर बैज दिया गया है। दोनों एक्टिवा मॉडलों में आगे ब्लैक क्रोम फिनिश और पाइराइट ब्राउन रंग के अलॉय व्हील लगे हैं। सीट और इनर पैनल की फिनिश अलग-अलग है।
एक्टिवा 110 में कैफ़े-ब्राउन या ब्लैक कलर के विकल्प उपलब्ध हैं, जबकि एक्टिवा 125 में ब्लैक ही उपलब्ध है। SP125 में भी नए कलर एक्सेंट और बाहरी डिज़ाइन दिए गए हैं। तीनों एनिवर्सरी एडिशन DLX वेरिएंट में आते हैं और दो रंगों पर्ल साइरन ब्लू और मैट स्टील ब्लैक मेटैलिक में उपलब्ध हैं। इनमें एलईडी हेडलैंप, 4.2 इंच का TFT डिस्प्ले और USB टाइप-C चार्जिंग पोर्ट है।

एक्टिवा 110 और एक्टिवा 125 में क्रमशः 109.51 सीसी और 123.92 सीसी सिंगल-सिलेंडर OBD2B इंजन लगे हैं, जबकि SP125 में 123.94 सीसी का इंजन लगा है। सुरक्षा सुविधाओं में साइड-स्टैंड इंजन कट-ऑफ, होंडा का कंबाइंड ब्रेकिंग सिस्टम (CBS) और ट्यूबलेस टायर शामिल है।