
होंडा की पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी को वित्त वर्ष 2026–27 में वैश्विक स्तर पर लॉन्च करने की योजना है, जिसमें भारत और जापान प्रमुख बाजार होंगे
Honda Cars India ने अपनी आने वाली इलेक्ट्रिक एसयूवी Honda 0 α की टेस्टिंग को आज से शुरू कर दिया है। यह मॉडल भारत में कंपनी की पहली पूरी तरह इलेक्ट्रिक कार होगी। इस प्रोटोटाइप की पब्लिक रोड टेस्टिंग की शुरुआत Tapukara, Rajasthan से की गई है, जहाँ कंपनी का मैन्युफैक्चरिंग प्लांट भी स्थित है। इस मौके पर कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें प्रेसिडेंट और सीईओ Takashi Nakajima भी शामिल थे।
इस टेस्टिंग के दौरान एसयूवी को देश के अलग-अलग हिस्सों में चलाकर विभिन्न सड़क और मौसम की परिस्थितियों में इसकी परफॉर्मेंस का परीक्षण किया जाएगा। इस मॉडल को पहली बार पिछले साल जापान मोबिलिटी शो 2025 में कॉन्सेप्ट के रूप में पेश किया गया था। यह इलेक्ट्रिक SUV कंपनी की नई पीढ़ी की EV रणनीति का अहम हिस्सा है और इसे जापान सहित कई वैश्विक बाजारों के लिए विकसित किया जा रहा है।
इसका प्रोडक्शन वर्जन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगभग 2027 में पेश किया जा सकता है और भारत उन शुरुआती बाजारों में शामिल हो सकता है जहाँ इसे लॉन्च किया जाएगा। टेस्टिंग के दौरान इंजीनियर अलग-अलग ड्राइविंग परिस्थितियों में इसके राइड कम्फर्ट, हैंडलिंग, एफिशिएंसी, टिकाऊपन और भरोसेमंद प्रदर्शन का परीक्षण करेंगे। इसके अलावा इसे तेज गर्मी और मानसून जैसी कठिन मौसम परिस्थितियों में भी जांचा जाएगा। साथ ही अलग-अलग चार्जिंग नेटवर्क पर इसे चार्ज किया जाएगा।

डिजाइन की बात करें तो Honda 0 α को कंपनी की “Thin, Light and Wise” इंजीनियरिंग फिलॉसफी के आधार पर तैयार किया गया है। इसका लुक काफी आधुनिक और एयरोडायनामिक है। टेस्टिंग प्रोटोटाइप में कॉन्सेप्ट मॉडल की तुलना में कुछ बदलाव भी दिखाई देते हैं, जिनमें बड़ा और चौड़ा ग्रिल सेक्शन, अलग तरह की लाइटिंग और कॉन्सेप्ट जैसी बम्पर फिनिश शामिल हैं।
इसके अलावा इसमें चौड़े व्हील आर्च, ऊंचे पिलर, लंबा बोनट, ORVM में इंटीग्रेटेड टर्न सिग्नल और ड्यूल-टोन व्हील्स जैसे डिजाइन एलिमेंट भी देखने को मिलते हैं। कंपनी की “Thin” पैकेजिंग तकनीक के कारण केबिन को पतला लेकिन ज्यादा स्पेस वाला बनाया जा सकता है। इस इलेक्ट्रिक SUV को संभवतः दो बैटरी पैक विकल्पों के साथ पेश किया जाएगा और इसकी ड्राइविंग रेंज एक बार चार्ज करने पर 500 किमी से ज्यादा हो सकती है।

इस मौके पर Takashi Nakajima ने कहा कि “पूरे भारत में पब्लिक रोड टेस्टिंग शुरू होना कंपनी की इलेक्ट्रिफिकेशन यात्रा का एक महत्वपूर्ण चरण है, क्योंकि भारत की सड़क और मौसम की परिस्थितियां अलग-अलग हैं। इसलिए नई इलेक्ट्रिक SUV को वास्तविक परिस्थितियों में अच्छी तरह परखना जरूरी है, ताकि ग्राहकों को भरोसेमंद, आरामदायक और उपयोग में आसान EV उपलब्ध कराई जा सके।”