
हीरो की Xpulse 421 एडवेंचर बाइक के इस साल के अंत तक डेब्यू होने की उम्मीद है और इसमें 421 cc का नया लिक्विड-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलने की उम्मीद है
काफी समय के बाद हीरो मोटोकॉर्प की आने वाली नई Xpulse 421 को एक बार फिर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। माना जा रहा है कि यह एडवेंचर मोटरसाइकिल इस साल के अंत तक या अगले साल की शुरुआत में लॉन्च हो सकती है। सामने आई नई तस्वीरों से पता चलता है कि कंपनी इसकी टेस्टिंग कठिन परिस्थितियों में कर रही है और यह अब अपने प्रोडक्शन मॉडल के काफी करीब पहुंच चुकी है।
मौजूदा Xpulse बाइक्स जहाँ रोजमर्रा के इस्तेमाल और हल्की ऑफ-रोडिंग के लिए बनाई गई हैं, वहीं नई Xpulse 421 को लंबी यात्राओं, हाईवे पर बेहतर प्रदर्शन और कठिन रास्तों पर शानदार राइडिंग के लिए तैयार किया जा रहा है। लॉन्च के बाद यह हीरो की सबसे प्रीमियम और एडवांस बाइक बन सकती है। हाल ही में देखे गए तस्वीरें पहाड़ी इलाकों से सामने आई हैं, जहाँ वाहन निर्माताओं द्वारा ऊंचाई, बदलते तापमान और खराब रास्तों में प्रदर्शन की जांच की जाती है।
डिजाइन की बात करें तो इसका आकार मौजूदा Xpulse 210 से काफी बड़ा दिखाई देता है। बाइक का अगला हिस्सा ऊंचा और एडवेंचर-फोकस्ड नज़र आता है, जबकि पीछे का हिस्सा अपेक्षाकृत पतला है। फ्यूल टैंक के आसपास की बॉडी डिजाइन ऑफ-रोडिंग के दौरान बेहतर कंट्रोल देने में मदद कर सकती है। नई Xpulse 421 में कंपनी एक बिल्कुल नया प्लेटफॉर्म इस्तेमाल कर सकती है। इसमें स्टील ट्रेलिस चेसिस मिलने की संभावना है, जो लंबी दूरी की यात्रा और ऑफ-रोडिंग के लिए बेहतर मजबूती प्रदान करेगा।

सस्पेंशन सेटअप में USD फ्रंट फोर्क्स और रियर मोनोशॉक देखने को मिल सकता है। कुछ वेरिएंट्स में एडजस्टेबल सस्पेंशन भी मिल सकता है। पावर के लिए इसमें करीब 421 cc का नया लिक्विड-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलने की उम्मीद है। यह इंजन लगभग 40 एचपी की पावर पैदा कर सकता है। इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया जा सकता है और बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर का विकल्प भी मिल सकता है।
व्हील सेटअप को एडवेंचर राइडिंग के हिसाब से तैयार किया गया है। इसमें 21-इंच का वायर-स्पोक फ्रंट व्हील और 18-इंच का रियर व्हील मिलने की संभावना है, जिन पर ड्यूल-पर्पज टायर्स लगाए जाएंगे। फीचर्स की बात करें तो इसमें TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, नेविगेशन, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और कनेक्टेड टेक्नोलॉजी मिल सकती है। इसके अलावा राइडिंग मोड्स, ट्रैक्शन कंट्रोल, इलेक्ट्रॉनिक थ्रॉटल, स्विचेबल ABS और क्रूज़ कंट्रोल जैसे फीचर्स भी दिए जा सकते हैं।

हीरो Xpulse 421 में लंबा विंडस्क्रीन, इंजन प्रोटेक्शन, बड़े साइड पैनल और ऊंची राइडिंग पोजिशन जैसे एडवेंचर-टूरिंग एलिमेंट्स देखने को मिलेंगे। उम्मीद है कि इसका ग्लोबल डेब्यू इसी साल के अंत तक होगा। भारत में लॉन्च होने पर इसका मुकाबला रॉयल एनफील्ड हिमालयन 450, KTM 390 एडवेंचर और TVS Apache RTX 300 जैसी बाइक्स से होगा।