Hero Xtreme 125R का नया सिंगल सीट वेरिएंट बेस मॉडल से लगभग 1,600 रुपये महंगा और टॉप वेरिएंट से 2,000 रुपये सस्ता है
हीरो मोटोकॉर्प ने चुपचाप भारतीय बाज़ार में सिंगल सीट वाली Xtreme 125R लॉन्च कर दी है। इसकी कीमत 1 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है और यह स्प्लिट-सीट सेटअप के साथ टॉप वेरिएंट से 2000 रुपये सस्ती है। हीरो Xtreme 125R के सिंगल सीट वेरिएंट की कीमत हाल ही में लॉन्च हुई Glamour X 125 के टॉप-एंड ट्रिम जितनी ही है। Xtreme 125R का नया वेरिएंट सीधे तौर पर TVS Raider 125 के सिंगल सीट वेरिएंट को टक्कर देगा, जिसकी कीमत 93,865 रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) है।
सिंगल सीट वाला यह वेरिएंट एक्सट्रीम 125R के बेस IBS ट्रिम और टॉप ABS ग्रेड के बीच में आता है। इसमें स्टैंडर्ड सेफ्टी फ़ीचर के तौर पर सिंगल-चैनल ABS भी दिया गया है। ग्लैमर X 125 के बराबर कीमत होने के बावजूद, इस बाइक में क्रूज़ कंट्रोल, राइड-बाय-वायर थ्रॉटल और पैनिक ब्रेक अलर्ट जैसे कई एडवांस्ड फ़ीचर्स नहीं हैं।
सिंगल-पीस सीट के अलावा, बाइक में कोई बदलाव नहीं किया गया है और इसमें वही फीचर्स मौजूद हैं। हालाँकि लंबी सिंगल सीट सेटअप के कारण Xtreme 125R थोड़ी कम स्पोर्टी लग सकती है, लेकिन लंबी राइड के दौरान यह राइडर और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए आराम के मामले में निश्चित रूप से बेहतर साबित होगी।

हीरो एक्सट्रीम 125R सिंगल सीट मॉडल बाकी दो वेरिएंट्स की तरह ही तीन रंगों में उपलब्ध होगा, जिनमें कोबाल्ट ब्लू, फायरस्टॉर्म रेड और स्टैलियन ब्लैक शामिल है। सस्पेंशन का काम टेलीस्कोपिक फ्रंट फोर्क्स और हाइड्रॉलिक रियर शॉक एब्जॉर्बर करते हैं। ब्रेकिंग पावर फ्रंट डिस्क और रियर ड्रम ब्रेक से मिलती है।
17-इंच के अलॉय व्हील्स पर चलने वाली हीरो एक्सट्रीम 125R सिंगल सीट वेरिएंट समान फ्रेम, स्विंगआर्म और इंजन के साथ आता है। इसमें 124.7cc सिंगल-सिलेंडर पेट्रोल इंजन है जो 8250 आरपीएम पर 11.4 बीएचपी की अधिकतम पावर और 6500 आरपीएम पर 10.5 एनएम का पीक टॉर्क उत्पन करता है। इंजन 5-स्पीड गियरबॉक्स से जुड़ा है और इस बाइक का माइलेज 66 किमी/लीटर होने का दावा किया गया है।

हीरो मोटोकॉर्प ने हाल ही में भारतीय बाज़ार में ग्लैमर X 125 को लॉन्च किया है, जिसमें कई सेगमेंट-फर्स्ट फ़ीचर्स जैसे राइड बाय वायर थ्रॉटल, मल्टीपल राइड मोड्स (ईको, रोड और पावर), क्रूज़ कंट्रोल और पैनिक ब्रेक अलर्ट शामिल हैं। इसे ड्रम और डिस्क के साथ दो वेरिएंट में ख़रीदा जा सकता है और इनकी कीमत क्रमश: 89,999 रुपये और 99,999 रुपये (एक्स-शोरूम, नई दिल्ली) है।