हीरो मोटोकॉर्प ने सितंबर 2021 में एक्सपल्स200 की 3,375 यूनिट की बिक्री की है, जो कि सालाना आधार पर 141 फीसदी की वृद्धि है
हीरो मोटोक़ॉर्प ने साल 2019 में अपनी हीरो एक्सपल्स 200 के साथ एंट्री लेवल एडवेंचर टूरिंग मोटरसाइकिल सेगमेंट में प्रवेश किया था और हाल ही में देश में कंपनी ने इसके 4-वॉल्व वर्जन को भी लॉन्च किया है। यह मोटरसाइकिल अपने एंट्री लेवल एडवेंचर मोटरसाइकिल सेगमेंट में एक लोकप्रिय विकल्प बनकर उभरी है और इसने युवाओं को ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है।
हीरो मोटोकॉर्प सितंबर 2021 में भारतीय बाजार में एक्सपल्स200 की 3,375 यूनिट की बिक्री करने में कामयाब रही है, जो कि बहुत बड़ा आंकड़ा नहीं है, लेकिन यहाँ ध्यान दिया जाना चाहिए कि इस एडवेंचर मोटरसाइकिल ने अपनी बिक्री में सालाना आधार पर 141 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है, क्योंकि सितंबर 2020 में इसकी केवल 1,398 यूनिट की बिक्री हुई थी।
इस तरह एक्सपल्स200 मोटरसाइकिल पिछले महीने में देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली एडवेंचर टूरिंग मोटरसाइकिलों में से एक बन गई है। भारत में इसकी बिक्री बढ़ने का कारण इसकी कीमतों का किफायती होना भी है। बाइक के स्टैंडर्ड वेरिएंट की कीमत 1.23 लाख रुपए रखी गई है, जबकि 4-वॉल्व वेरिएंट की कीमत 1.28 लाख रुपये (दोनों कीमतें, एक्स-शोरूम) है।
इसके अलावा कंपनी बाइक के साथ वैकल्पिक रैली किट की भी पेशकश करती है, जिसकी कीमत 46,000 रुपए है। इसके बावजूद भी यह बाइक काफी किफायती है और यही वजह है कि यह धीरे धीरे लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है। फीचर्स के रूप में एक्सप्लस200 को आल एलईडी हेडलाइट और स्मार्टफोन-सक्षम नेविगेशन के साथ एक एलसीडी इंस्ट्रूमेंट पैनल मिलता है।
हीरो मोटोकॉर्प अब तक देश में इस बाइक को पाँच कलर विकल्पों के साथ पेश करती रही है, जिसमें व्हाइट, मैट ग्रीन, मैट ग्रे, स्पोर्ट्स रेड और पैंथर ब्लैक शामिल हैं, लेकिन अब एक्सपल्स 200 4वी के साथ ट्रेल ब्लू, ब्लिट्ज ब्लू और रेड का भी कलर विकल्प शामिल है। वर्तमान में बाइक को पावर देने के लिए 199.6 सीसी, ऑयल-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो कि स्टैंडर्ड वर्जन में 8500 आरपीएम पर 18.08 पीएस की पावर और 6500 आरपीएम पर 16.45 एनएम का टॉर्क विकसित करता है, जबकि 4V वर्जन में 19.1 पीएस की पावर और 17.35 न्यूटन मीटर का टार्क उत्पन्न करता है। इंजन को 5-स्पीड कॉन्स्टेंट मेश गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।
हीरो मोटोकॉर्प ने इस मोटरसाइकिल को ट्यूबलर डायमंड फ्रेम पर विकसित किया है और सस्पेंशन के लिए फ्रंट में इसे टेलिस्कोपिक फोर्क और रियर में 10 स्टेप राइडर-एडजस्टेबल मोनोशॉक मिला है। ब्रेकिंग सेटअप में सिंगल-चैनल ABS के साथ डुअल डिस्क ब्रेक शामिल हैं। भारत में हीरो एक्सपल्स200 4वी का मुकाबला होंडा सीबी200एक्स जैसे नए प्रतिद्वंद्वियों से है।