
Vida DIRT.E K3 में हब मोटर का उपयोग किया गया है और यह मोटर करीब 0.68 HP की पावर और 39.1 Nm का टॉर्क पैदा करता है
हीरो मोटोकॉर्प ने भारत में Vida Dirt.K E3 इलेक्ट्रिक बाइक को 69,990 रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया है। यह नई ऑफ-रोड ई-बाइक 4 से 10 साल के बच्चों के लिए डिजाइन की गई है। इसकी बुकिंग कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट पर शुरू हो चुकी है, जबकि सेल 15 जनवरी 2026 से शुरू होगी। शुरुआती कीमत 69,990 रुपये सिर्फ पहले 300 यूनिट्स के लिए मान्य होगी। पहली फेज की डिलीवरी दिल्ली, बेंगलुरु, पुणे, जयपुर और कालीकट में की जाएगी।
Vida Dirt.K E3 एक एडजस्टेबल प्लेटफॉर्म पर बनी है, जिसकी वजह से यह अलग-अलग तरह के रास्तों पर आसानी से चल सकती है। इसे सबसे पहले EICMA 2025 (मिलान, इटली) में ‘Wild beyond the Ride’ टैगलाइन के साथ पेश किया गया था। यह ई-बाइक रेड, पर्पल और व्हाइट के साथ तीन रंगों में उपलब्ध होगी। इसमें तीन-स्टेज एडजस्टेबल सिस्टम मिलता है, जिससे इसे छोटे, मिडियम और बड़े साइज़ में सिर्फ एक बटन दबाकर एडजस्ट किया जा सकता है।
पेरेंट्स ऐप के जरिए कई चीज़ें कंट्रोल कर सकते हैं, जिनमें स्पीड लिमिट सेट करना, राइडिंग मोड लॉक करना और राइड डेटा देखना शामिल है। इस इलेक्ट्रिक बाइक को हीरो टेक सेंटर जर्मनी और CIT जयपुर ने मिलकर डिजाइन और डेवलप किया है, जबकि इसका प्रोडक्शन तिरुपति (आंध्र प्रदेश) प्लांट में हो रहा है।

Dirt.K E3 में 360 Wh की डिटैचेबल बैटरी मिलती है, जिसे निकालकर घर पर ही करीब 3 घंटे में 0-100% चार्ज किया जा सकता है। यह बैटरी 350W की कंटिन्यूस पावर और 500W की पीक पावर देने वाले मोटर से जुड़ी है। यह ई-बाइक टेरेन और मोड के हिसाब से करीब 3 घंटे की राइडिंग रेंज देती है।
बैटरी का सील्ड डिजाइन धूल और नमी से सुरक्षा देता है, जिससे यह हर मौसम में अच्छा प्रदर्शन करती है। इसमें तीन राइड मोड हैं, जिनमें Beginner (8 kmph), Amateur (16 kmph) और Pro (25 kmph) शामिल हैं। 16-इंच स्पोक व्हील्स और रियर हाइड्रोलिक डिस्क ब्रेक के साथ, इसकी सीट हाइट और व्हीलबेस भी राइडर के हिसाब से एडजस्ट किए जा सकते हैं।

बच्चों की सुरक्षा के लिए इसमें चाइल्ड-स्केल ब्रेक लीवर, इम्पैक्ट-एब्जॉर्बिंग पार्ट्स और ओवर-मोल्डेड वायरिंग हार्नेस दिया गया है। इसके अलावा, मैग्नेटिक लैनयार्ड-आधारित किल स्विच एक अहम फीचर है, जो राइडर सीट से हटते ही बाइक को तुरंत बंद कर देता है। Vida Dirt.K E3 को Red Dot Design Award 2025 और CES Innovation Award Honoree 2026 भी मिल चुका है।