
पेटेंट से पता चलता है कि हीरो एक नई रेट्रो-स्टाइल मोटरसाइकिल पर काम कर रही है, जिसका डिजाइन काफी हद तक पुरानी Splendor Pro Classic से प्रेरित है
हीरो मोटोकॉर्प ने भारत में एक नई मोटरसाइकिल के डिजाइन का पेटेंट कराया है। पेटेंट तस्वीरों को देखकर लगता है कि यह एक रेट्रो-स्टाइल कम्यूटर बाइक हो सकती है, जिसकी डिजाइन काफी हद तक पुरानी स्प्लेंडर Pro Classic से मिलती-जुलती है। इस डिजाइन का रजिस्ट्रेशन 5 अगस्त 2025 को किया गया था।
पेटेंट तस्वीरों में बाइक में गोल हेडलाइट, पतला फ्यूल टैंक, लंबी सीट, खुले साइड पैनल और साधारण रियर डिजाइन दिखाई देता है। इसका डिजाइन क्लासिक कम्यूटर बाइक जैसा है, लेकिन लो-स्लंग स्टांस, लंबा एग्जॉस्ट और साफ-सुथरा टेल सेक्शन इसे कैफे-रेसर जैसा लुक भी देता है। बाइक में छोटे मडगार्ड, सीधा हैंडलबार और फ्लैट सीट दी गई है, जो इसे रोजाना चलाने के लिए आरामदायक और उपयोगी बनाते हैं।
बाइक के रियर हिस्से में ट्यूबलर ग्रैब रेल, ट्विन शॉक एब्जॉर्बर, 5-स्पोक अलॉय व्हील्स और पारंपरिक टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क्स दिए गए हैं। इस बाइक का डिज़ाइन पुरानी Splendor Pro Classic की याद दिलाता है, लेकिन इसे नए अंदाज और आधुनिक लुक के साथ पेश किया जा सकता है।

हीरो ने पहली बार स्प्लेंडर प्रो क्लासिक को 2014 Auto Expo में पेश किया था। बाद में इसे भारतीय बाजार में एक छोटे कैफे-रेसर के रूप में लॉन्च किया गया था, जो स्प्लेंडर प्लेटफॉर्म पर आधारित थी। इसमें क्लिप-ऑन स्टाइल हैंडलबार, गोल हेडलैंप, क्रोम एलिमेंट्स और कॉम्पैक्ट बॉडी पैनल दिए गए थे। उस समय इसमें 97.2cc का एयर-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता था, जो लगभग 8.25 बीएचपी की पावर और 8.05 Nm का टॉर्क पैदा करता था।
लॉन्च के समय इसकी कीमत करीब 53,900 रुपये थी और इसे Carbon Black व Solid Maroon जैसे रंगों में बेचा गया था। हालांकि उस दौर में भारतीय बाजार में पारंपरिक कम्यूटर बाइक्स का दबदबा था, इसलिए यह अनोखा कैफे-रेसर ज्यादा सफल नहीं हो पाया और बाद में इसे बंद कर दिया गया था।

अब माना जा रहा है कि हीरो इस कॉन्सेप्ट को दोबारा बाजार में ला सकती है, लेकिन इस बार इसे 97.2cc की बजाय 125cc इंजन के साथ लॉन्च किया जा सकता है। कंपनी के पास पहले से Super Splendor और Glamour जैसी बाइक्स में इस्तेमाल होने वाला 124.7 cc इंजन मौजूद है। यदि यह मॉडल प्रोडक्शन में आता है, तो इसमें फ्यूल इंजेक्शन, i3S स्टार्ट-स्टॉप सिस्टम, डिजिटल-एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, LED लाइटिंग, अलॉय व्हील्स, ट्यूबलेस टायर्स और कंबाइंड ब्रेकिंग सिस्टम जैसे आधुनिक फीचर्स भी मिल सकते हैं।