Hero MotoCorp की बड़ी पहल, Splendor+ और HF Deluxe के Flex Fuel मॉडल लॉन्च

Hero Splendor And HF Flex Fuel

हीरो Splendor+ और HF Deluxe के फ्लेक्स फ्यूल वर्जन E20 (20% एथेनॉल मिश्रण) से लेकर E85 (85% एथेनॉल मिश्रण) तक के पेट्रोल पर चल सकते हैं

हीरो मोटोकॉर्प ने भारतीय बाजार में अपनी दो सबसे लोकप्रिय मोटरसाइकिलों Splendor+ और HF Deluxe को Flex Fuel के साथ लॉन्च कर दिया है। इनकी एक्स-शोरूम कीमत क्रमशः 82,810 रुपये और 72,792 रुपये रखी गई है। नई दिल्ली में आयोजित लॉन्च इवेंट में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे।

Splendor+ Flex Fuel और HF Deluxe Flex Fuel को इस तरह विकसित किया गया है कि ये E20 से लेकर E85 तक किसी भी एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर चल सकते हैं। फिलहाल भारत में E20 पेट्रोल को स्टैंडर्ड फ्यूल के रूप में बेचा जा रहा है। बता दें कि HF Deluxe E85 को इससे पहले भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 में भी प्रदर्शित किया गया था।

नई फ्लेक्स फ्यूल बाइक्स की कीमतें उनके रेगुलर मॉडल्स की तुलना में लगभग 4 प्रतिशत ज्यादा हैं। दोनों मोटरसाइकिलों को कंपनी के जयपुर स्थित Centre for Innovation and Technology (CIT) में विकसित किया गया है। इनकी बिक्री जुलाई 2026 से दिल्ली और महाराष्ट्र के चुनिंदा क्षेत्रों में शुरू होगी, जिसके बाद इन्हें देशभर में लॉन्च किया जाएगा।

Hero HF Deluxe Flex Fuel (1)

दोनों बाइक्स में 97.2cc का इंजन दिया गया है, जो 8.5 bhp की पावर और 8.3 Nm का टॉर्क पैदा करता है। फ्लेक्स फ्यूल तकनीक के लिए इनमें नया फ्यूल पंप, सेकेंडरी फ्यूल फिल्टर और अपडेटेड ECU मैपिंग दी गई है। मैकेनिकल बदलावों के अलावा, इन बाइक्स में नए ब्लैक और लाइम येलो ड्यूल-टोन ग्राफिक्स, साइड स्टैंड इंजन कट-ऑफ, ट्यूबलेस टायर्स और नया डिजी-एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी मिलता है। कंपनी के अनुसार, इन अपडेट्स के चलते पावर में 7 प्रतिशत और टॉर्क में 3 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है।

लॉन्च के मौके पर नितिन गडकरी ने कहा कि “भारत तेजी से वैकल्पिक ईंधन और स्वच्छ मोबिलिटी तकनीकों को अपना रहा है। उनका मानना है कि मास-मार्केट सेगमेंट में फ्लेक्स फ्यूल मोटरसाइकिलों की शुरुआत कच्चे तेल के आयात को कम करने, एथेनॉल के उपयोग को बढ़ावा देने, किसानों को सशक्त बनाने और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

Hero Splendor+ Flex Fuel (1)

जानकारी के लिए बता दें कि फ्लेक्स फ्यूल वाहन ऐसे पेट्रोल इंजन के साथ आते हैं, जो पेट्रोल और एथेनॉल के अलग-अलग मिश्रणों पर चल सकते हैं। यह E20 (20 प्रतिशत एथेनॉल) से लेकर E85 (85 प्रतिशत एथेनॉल) तक के फ्यूल को सपोर्ट करता है। साथ ही, ये मोटरसाइकिलें कम प्रदूषण फैलाने में मदद करती हैं और भारत के 2030 तक कार्बन उत्सर्जन कम करने के लक्ष्य को पूरा करने में भी योगदान देती हैं। आने वाले महीनों में देश के अन्य प्रमुख दोपहिया निर्माता भी अपनी फ्लेक्स फ्यूल मोटरसाइकिलें लॉन्च कर सकते हैं।