
भारत में Hero Karizma XMR 250 का सीधा मुकाबला Suzuki Gixxer SF 250, KTM RC 200 और जल्द लॉन्च होने वाली Yamaha R2 से होगा
हाल ही में हीरो मोटोकॉर्प ने घोषणा की थी कि वह भारतीय बाजार में कई नई प्रीमियम मोटरसाइकिलें लॉन्च करेगी। इनमें सबसे पहले Hero Karizma XMR 250 लॉन्च होने की उम्मीद है। अब यह स्पोर्ट्स बाइक कंपनी की डीलरशिप पर दिखाई दी है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि इसकी लॉन्चिंग अब ज्यादा दूर नहीं है। बता दें कि Karizma XMR 250 को सबसे पहले EICMA 2024 में पेश किया गया था और इसके बाद जनवरी 2025 में भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में भी इसे प्रदर्शित किया गया था।
सामने आई तस्वीरों में यह बाइक रेड और ब्लैक डुअल-टोन कलर में नजर आई है। इसका डिज़ाइन भारत मोबिलिटी एक्सपो में दिखाए गए मॉडल जैसा ही है। इसमें फुल-फेयर्ड स्पोर्टी लुक, अलॉय व्हील्स और रोड-बायस्ड टायर्स दिए गए हैं। इससे माना जा रहा है कि Hero आने वाले कुछ हफ्तों में इसे भारतीय बाजार में लॉन्च कर सकती है।
फीचर्स की बात करें तो Hero Karizma XMR 250 में स्प्लिट LED हेडलैंप, क्लिप-ऑन हैंडलबार, TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, स्लिपर और असिस्ट क्लच, डुअल-चैनल ABS और इंटीग्रेटेड विंगलेट्स जैसे फीचर्स मिलेंगे। बाइक ट्रेलिस फ्रेम पर आधारित होगी और इसमें गोल्डन USD फ्रंट फोर्क्स तथा प्रीलोड-एडजस्टेबल रियर मोनोशॉक सस्पेंशन दिए जाएंगे।

नई Karizma XMR 250 में 250cc, सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलेगा, जो 29.6 bhp की पावर और 25 Nm का टॉर्क जनरेट करेगा। यह इंजन 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ आएगा। कंपनी ने इस इंजन को मौजूदा Karizma XMR 210 के 210cc इंजन के आधार पर विकसित किया है। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Suzuki Gixxer SF 250, KTM RC 200 और आने वाली Yamaha R2 से होगा।
कनेक्टिविटी फीचर्स के तौर पर इसमें Intelligent Automatic Illumination और Hero Connect 2.0 मिलने की उम्मीद है। Hero Connect 2.0 के जरिए 35 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स, जैसे टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन और म्यूजिक कंट्रोल, उपलब्ध होंगे। कंपनी इस बाइक की बिक्री अपने Premia प्रीमियम डीलरशिप नेटवर्क के जरिए करेगी।

Karizma XMR 250 के अलावा Hero मार्च 2027 तक भारत में कई और प्रीमियम मोटरसाइकिलें लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इनमें Hero Xpulse 421 भी शामिल होगी, जिसे हाल ही में लद्दाख में हाई-एल्टीट्यूड टेस्टिंग के दौरान देखा गया था। उम्मीद है कि इस एडवेंचर बाइक से EICMA 2026 में भी पर्दा उठाया जा सकता है।