अगस्त 2020 में Hero Destini 125 की बिक्री में हुई 40% की भारी वृद्धि

हीरो डेस्टिनी 125 अगस्त 2020 के महीने में देश में नौवां सबसे ज्यादा बिकने वाला स्कूटर रहा और इसकी बिक्री में सलाना आधार पर 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई

हीरो मोटोकॉर्प (Hero MotoCorp) ने साल 2018 में अपने स्कूटर हीरो डेस्टिनी 125 (Hero Destini 125) को लॉन्च किया था और यह पिछले कुछ वर्षों में देश में सफल स्कूटर बनकर उभरा है। घरेलू दोपहिया वाहन निर्माता के पोर्टफोलियो का डेस्टिनी 125 पहला स्कूटर ऐसा स्कूटर था, जिसमें i3S स्टार्ट/स्टॉप टेक्नोलॉजी की सुविधा है और यह फ्यूल इकोनमी को बेहतर बनाने में मदद करता है।

अगस्त 2020 में डेस्टिनी 125 की कुल 13,609 यूनिट की रिकॉर्ड बिक्री हुई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 9,735 यूनिट था। इस तरह इस स्कूटर ने सलाना आधार पर 40 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। इसके साथ ही यह मॉडल भारत में नौवां सबसे ज्यादा बिकने वाला स्कूटर रहा और टॉप 10 में तीसरी सबसे ज्यादा वृद्धि दर्ज करने वाला मॉडल बना।

कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले महीनों में इसकी बिक्री में और सुधार हो सकता है। बता दें कि हीरो डेस्टिनी 125 को जयपुर, राजस्थान में कंपनी के सीआईटी (सेंटर ऑफ इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी) में विकसित किया गया है। इस स्कूटर को सबसे पहले बीएस4 एडिशन में लॉन्च किया गय़ा था, जबकि इस साल की शुरुआत में इसे BS6 में अपग्रेड किया गया था।

Hero Destini

कीमत की बात करें तो इस 125 सीसी स्कूटर की शुरुआती कीमत LX ट्रिम के लिए 67,200 (एक्स-शोरूम, नई दिल्ली) है, जबकि टॉप-स्पेक VX ग्रेड की कीमत 70,050 (एक्स-शोरूम) रूपए है। हीरो डेस्टिनी 125 को पर्ल सिल्वर व्हाइट, पैंथर ब्लैक, नोबल रेड, मैट ग्रे सिल्वर, चेस्टनट ब्रॉन्ज़ और कैंडी ब्लेज़िंग रेड के साथ कुल 6 कलर विकल्प में पेश किया जाता है।

डेस्टिनी 125 ने 2018 ऑटो एक्सपो में एक अलग नाम से शुरुआत की थी और इसे पावर देने के लिए 124.6 सीसी वाले सिंगल-सिलेंडर एयर-कूल्ड एनर्जी बूस्ट इंजन का उपयोग किया जाता है, जो कि 7,000 आरपीएम पर 9 बीएचपी की अधिकतम पावर और 5,500 आरपीएम पर 10.4 एनएम का पीक टॉर्क उत्पन्न करता है।

स्कूटर की कुछ प्रमुख विशेषताओं में इंटीग्रेटेड ब्रेकिंग सिस्टम, सेमी डिजिटल इंस्ट्रूमेंटेशन, मोबाइल चार्जिंग सुविधा और रिमोट Key ओपनिंग हैं। डेस्टिनी 125 1,809 मिमी लंबा, 729 मिमी चौड़ा और 1,244 मिमी ऊंचा है। इसका व्हीलबेस 1,154 मिमी है, जबकि कुल वजन 112 किलोग्राम है  और इसकी टॉप स्पीड 85 किमी प्रति घंटा है। भारत में यह स्कूटर Honda Activa 125, TVS Ntorq और Suzuki Access 125 के मुकाबले है।