Harley-Davidson X440 T का रियर डिज़ाइन स्टैंडर्ड X440 की तुलना में अलग है और इसमें कुछ नए फीचर्स भी जोड़े जाएंगे
हाल ही में हमने आपको बताया था कि हीरो-हार्ले की नई 440 बाइक दिसंबर 2025 में लॉन्च होगी। अब ब्रांड ने आधिकारिक रूप से हार्ले-डेविडसन X440 T कि तस्वीरें पेश कर दी हैं, जिसे हीरो मोटोकॉर्प के साथ मिलकर विकसित किया गया है। भारतीय बाजार में इसका लॉन्च जल्द ही होगा। हीरो-हार्ले पार्टनरशिप से आने वाली पहली बाइक X440 रोडस्टर थी, जबकि दूसरी बाइक Hero Mavrick 440 थी।
डिज़ाइन की बात करें तो, Harley-Davidson X440 T, स्टैंडर्ड X440 से काफी अलग दिखती है। इसमें ज्यादा एंगुलर स्टाइलिंग है, बार-एंड मिरर्स दिए गए हैं और रियर डिज़ाइन पूरी तरह बदला हुआ है, जो X440 से ज्यादा आकर्षक लगता है। रियर व्हील और फेंडर के बीच गैप भी कम है। X440 T चार कलर स्कीम में उपलब्ध होगी।
फ्रंट लुक की तस्वीरें अभी जारी नहीं की गई हैं, शायद इसलिए क्योंकि वह X440 की तरह ही है, सिर्फ बार-एंड मिरर्स का फर्क है। इस नई बाइक में राइड-बाय-वायर थ्रॉटल, राइडिंग मोड्स, स्विचेबल ट्रैक्शन कंट्रोल और स्विचेबल डुअल-चैनल ABS जैसे फीचर्स मिल सकते हैं।

लेकिन, Harley-Davidson X440 T में क्रूज़ कंट्रोल नहीं दिया गया है। यह थोड़ा चौंकाने वाली बात है, क्योंकि हीरो ने हाल ही में 125-160cc सेगमेंट में कई नई बाइक्स लॉन्च की हैं और उन सभी में क्रूज़ कंट्रोल दिया गया था, जिनमें Glamour X 125, Xtreme 125R और Xtreme 160R शामिल थी। ऐसे में प्रीमियम हार्ले बैजिंग वाली बाइक में इसका न होना अजीब लगता है।
इंजन की बात करें, तो X440 T में वही 440cc एयर/ऑयल-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलने की उम्मीद है, जो X440 में आता है। यह लगभग 27 बीएचपी की पावर और 38 Nm का टॉर्क देता है। इंजन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया जाएगा। कंपनी ने अभी तक आधिकारिक स्पेसिफिकेशन की जानकारी नहीं दी है।

हार्डवेयर और अन्य कंपोनेंट्स के मामले में X440 T, स्टैंडर्ड X440 के साथ काफी चीजें साझा करेगी, जिनमें फ्रेम, सस्पेंशन, ब्रेक्स और व्हील्स शामिल होंगे। एग्जॉस्ट थोड़ा अलग दिखता है, लेकिन इंजन का कवर और पाइप की डिजाइन X440 जैसी ही है।