
Harley-Davidson X440 T पहले की तरह 440cc एयर और ऑयल-कूल्ड इंजन के साथ आती है, लेकिन इसमें कई बदलाव किए गए हैं
हीरो मोटोकॉर्प और Harley-Davidson ने भारतीय बाजार में नई X440 T लॉन्च कर दी है, जो फिलहाल 440cc लाइनअप का टॉप मॉडल है। इसके साथ ही कंपनी ने भारतीय बाज़ार में अपनी CVO मोटरसाइकिलें CVO Street Glide और CVO Road Glide भी पेश की हैं, जो 2025 लाइनअप का हिस्सा हैं। स्टैंडर्ड X440 जुलाई 2023 में लॉन्च हुई थी और यह किफायती Harley-Davidson मोटरसाइकिल थी, जिससे कई नए राइडर्स ब्रांड से जुड़े।
नई X440 T में Ride-by-Wire टेक्नोलॉजी, स्विचेबल ट्रैक्शन कंट्रोल, स्विचेबल रियर ABS और कुछ स्टाइलिंग अपडेट मिले हैं। इलेक्ट्रॉनिक थ्रोटल बॉडी के चलते अब राइडर्स को दो नए राइड मोड Road और Rain का विकल्प मिलता है। नया रियर सब-फ्रेम, नया टेल सेक्शन और अपडेटेड ग्रैब रेल्स अब पिलियन कम्फर्ट को बेहतर बनाते हैं। इसके अलावा, इसमें सेगमेंट-फर्स्ट ‘Panic Braking Alert’ फीचर भी दिया गया है, जिसमें अचानक ब्रेक लगाने पर सभी इंडिकेटर तेजी से ब्लिंक होकर पीछे आने वाले वाहनों को चेतावनी देते हैं।
लाइनअप को और आकर्षक बनाने के लिए कंपनी ने स्टैंडर्ड X440 की कीमतों में 25,000 रुपये तक की कटौती की है। नई X440 T की कीमत 2,79,500 रुपये, X440 S की कीमत 2,54,900 रुपये और X440 Vivid की कीमत 2,34,500 रुपये (एक्स-शोरूम) तय की गई है।

नई रेंज की बुकिंग 7 दिसंबर 2025 से शुरू होगी, जो Harley-Davidson और Hero Premia डीलरशिप तथा ऑनलाइन चैनलों पर उपलब्ध होगी। कंपनी के अनुसार, मोटरसाइकिल में कुल 72 बदलाव किए गए हैं जिनमें टाइट वायरिंग पैकेजिंग, थोड़ा बदला हुआ फ्यूल टैंक, बेहतर टैक्टाइल स्विचगियर और नए कैटेलिटिक कन्वर्टर, हीट शील्ड व एंड-कैन के साथ अपडेटेड एग्जॉस्ट सिस्टम शामिल हैं।
प्रीमियम CBU सेगमेंट में, CVO Road Glide की कीमत 67,36,720 रुपये से शुरू होती है जबकि CVO Street Glide की कीमत 63,03,142 रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। दोनों ही बाइक्स Milwaukee-Eight VVT 121 इंजन से लैस हैं जो 115 HP की पावर और 189 Nm का टॉर्क देता है। Road Glide में शार्कनोज़ फेयरिंग मिलती है, जबकि Street Glide में नया Batwing फेयरिंग दिया गया है।

दोनों मॉडल 12.3-इंच TFT स्क्रीन, Skyline OS इंफोटेनमेंट सिस्टम, हाई-एंड ऑडियो और एक्सक्लूसिव कस्टम पेंट विकल्पों के साथ आते हैं। इसके अलावा, भारत में Softail क्रूज़र फैमिली को भी अपडेट किया गया है और अब ये मॉडल तीन वर्ज़न – Classic, Custom और High Output – वाले Milwaukee-Eight 117 इंजन के साथ उपलब्ध हैं।