महिंद्रा इस साल के अंत में अपने पोर्टफोलियो में उपलब्ध चुनिंदा कारों पर 3 लाख रुपये तक की छूट दे रही है
महिंद्रा एंड महिंद्रा वर्तमान में थार रॉक्स, स्कॉर्पियो एन और XUV 3XO जैसे कुछ बेहद लोकप्रिय एसयूवी मॉडलों के साथ भारतीय बाजार में सबसे अधिक मांग वाले कार निर्माताओं में से एक है। ये अधिक बिकने वाले मॉडल लंबे वेटिंग पीरियड के साथ मिल रहे हैं। इस लेख में हम नवंबर 2024 में महिंद्रा एसयूवी पर साल के अंत में मिलने वाली छूट के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
महिंद्रा की लोकप्रिय एसयूवी थार पर इस महीने 3 लाख रुपये तक का कैश डिस्काउंट मिल रहा है, जो टॉप-स्पेक 4X4 वेरिएंट पर उपलब्ध है। डीजल से चलनी वाली थार की तुलना में पेट्रोल वेरिएंट अधिक छूट के साथ उपलब्ध हैं। वर्तमान में थार 3-डोर की कीमत 11.35 लाख रुपये से लेकर 17.60 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है।
इसी तरह, एक्सयूवी 400 ईवी भी 3 लाख रुपये तक की छूट के साथ उपलब्ध है। नवंबर 2024 में ये लाभ नकद छूट और एक्सचेंज बोनस के रूप में उपलब्ध हैं। वहीं महिंद्रा बोलेरो नियो पर 1.20 लाख रुपये तक की छूट मिल रही है, जिसमें 70,000 रुपये की नकद छूट, 20,000 रुपये का एक्सचेंज बोनस और 30,000 रुपये की मुफ्त एक्सेसरीज़ शामिल हैं।
वहीं स्कॉर्पियो एन 50,000 रुपये तक की नकद छूट के साथ उपलब्ध है। इसका टॉप-स्पेक 4WD वेरिएंट सबसे ज्यादा छूट के साथ उपलब्ध है। स्कॉर्पियो एन डीजल और पेट्रोल पावरट्रेन विकल्पों के साथ उपलब्ध है, जिसे मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है। ये एसयूवी 13.85 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध है और इसका टॉप वेरिएंट 24.54 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाता है।
वहीं महिंद्रा XUV700 पर आपको 40,000 रुपये तक का एक्सचेंज बोनस मिल सकता है। इससे पहले, XUV700 के टॉप-स्पेक AX7 और AX7 L वेरिएंट की कीमत में भी 2.20 लाख रुपये तक की भारी कटौती देखी गई थी। मिड-स्पेक और निचले ट्रिम्स की कीमत में भी महत्वपूर्ण कटौती देखी गई है।
साल 2024 में महिंद्रा द्वारा नवीनतम लॉन्च यानी XUV3XO और Thar Roxx पर कोई डिस्काउंट नहीं दिया जा रहा है। इन दोनों कारों पर अच्छा-खासा वेटिंग पीरियड भी है। महिंद्रा भारत में 26 नवंबर को BE 6e और XEV 9e इलेक्ट्रिक एसयूवी का डेब्यू करेगी।