
Honda ZR-V भारत में CBU मॉडल होगी और इसमें 2.0-लीटर हाइब्रिड इंजन मिलेगा, जो 180 HP की पावर देगा और इसके साथ e-CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलेगा
होंडा कार्स इंडिया ने 22 मई को होने वाली लॉन्च से पहले ZR-V SUV की पहली आधिकारिक टीज़र इमेज जारी कर दी है। इस टीज़र में SUV का फ्रंट डिजाइन डार्क सिल्हूट में दिखाया गया है। इसमें चौड़ी L-शेप LED DRLs, बीच में चमकता हुआ Honda लोगो और ग्लोबल मॉडल जैसा फ्रंट ग्रिल डिजाइन देखने को मिलता है।
ZR-V के हेडलैंप्स फ्रंट फेसिया में नीचे की तरफ लगाए गए हैं और इनमें शार्प LED एलिमेंट्स दिए गए हैं। इसका डिज़ाइन Elevate की तुलना में ज्यादा चौड़ा और स्पोर्टी नज़र आता है। एसयूवी में ढलान वाली रूफलाइन और चौड़ा फ्रंट डिजाइन मिलेगा, जिससे इसका लुक ज्यादा स्पोर्टी और कूपे जैसी SUV जैसा दिखाई देगा।
टीज़र में रूफ रेल्स की झलक भी दिखाई देती है, जो इसके प्रैक्टिकल और स्पोर्टी डिजाइन को और बेहतर बनाती है। होंडा ZR-V भारत में पूरी तरह से इम्पोर्टेड मॉडल (CBU) के तौर पर आएगी और इसे कंपनी की फ्लैगशिप SUV के रूप में पेश किया जाएगा। इसकी कीमत लगभग 40 लाख रुपये से 50 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच हो सकती है।

इस SUV में 2.0-लीटर 4-सिलेंडर हाइब्रिड इंजन मिलेगा, जो 180 एचपी की पावर जनरेट करेगा। यह इंजन e-CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आएगा। यही हाइब्रिड सेटअप होंडा अपने कई ग्लोबल मॉडल्स में इस्तेमाल करती है और यह बेहतर माइलेज व स्मूद परफॉर्मेंस के लिए जाना जाता है।
ग्लोबल मॉडल के अनुसार ZR-V की लंबाई 4,568 मिमी, चौड़ाई 1,840 मिमी और ऊंचाई 1,620 मिमी है, जबकि इसका व्हीलबेस 2,657 मिमी है। भारतीय मॉडल में भी यही डायमेंशन्स मिलने की उम्मीद है। फीचर्स की बात करें तो इसमें बड़ा फ्री-स्टैंडिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, पावर्ड ड्राइवर सीट, पावर्ड टेलगेट, वायरलेस चार्जिंग और ADAS जैसे एडवांस फीचर्स मिलेंगे।

होंडा ZR-V को 22 मई को 2026 होंडा सिटी फेसलिफ्ट के साथ लॉन्च किया जाएगा। कंपनी इस डबल लॉन्च के जरिए भारत में अपनी प्रीमियम और विस्तृत प्रोडक्ट लाइनअप को मजबूत करने की तैयारी कर रही है। वहीं, नई Honda City Facelift भी डीलरशिप्स तक पहुंचने लगी है। इसमें ब्लैक और व्हाइट जैसे नए रंग देखने को मिलेंगे। इसके एक्सटीरियर में कई बदलाव किए गए हैं, जिससे इसका लुक पहले से ज्यादा स्पोर्टी हो गया है। साथ ही, केबिन में नए फीचर्स और टेक्नोलॉजी जोड़ी गई हैं, जबकि इंजन और गियरबॉक्स विकल्प पहले जैसे ही रहेंगे।