अगस्त 2021 में टोयोटा अपनी कारों की खरीद पर 30,000 रूपए तक की छूट दे रही है, जिसमें नकद छूट, एक्सचेंज बोनस और कॉर्पोरेट छूट शामिल है
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने जुलाई 2021 में भारतीय बाजार में कुल मिलाकर 13,103 यूनिट की बिक्री की है। इसके मुकाबले कंपनी ने पिछले साल की इसी अवधि में यानि जुलाई 2020 में 5,386 यूनिट की बिक्री की थी, जो कि सालाना आधार पर 143 फीसदी की वृद्धि है। कंपनी ने मासिक आधार पर भी अपनी बिक्री में 48 फीसदी की वृद्धि दर्ज की है, क्योंकि कंपनी ने भारतीय बाजार में जून 2021 में 8,791 यूनिट की बिक्री की थी।
देखा जाए तो हेल्थ क्राइसिस के बीच कंपनी ने मासिक और सालाना आधार पर अपनी बिक्री के अच्छे आकड़े दर्ज किए हैं और स्पष्ट तौर पर बेहतर रिकवरी दर्ज की है। लिहाजा कंपनी अगस्त 2021 में अपनी बिक्री को बढ़ाने के लिए कई आकर्षक छूट की पेशकश कर रही है, जिसमें नकद छूट, एक्सचेंज बोनस और कॉर्पोरेट डिस्काउंट शामिल है।
अगस्त 2021 में टोयोटा की प्रीमियम हैचबैक ग्लैंजा की खरीद पर 30,000 रूपए की छूट की पेशकश की जा रही है, जिसमें जी और वी वेरिएंट की खरीद पर 10,000 रूपए की नकद छूट, 18,000 रूपए का लॉयल्टी बोनस या एक्सचेंज बोनस और 2,000 रूपए की कॉर्पोरेट छूट उपलब्ध है। इसके अलावा इस कार के अन्य वेरिएंट की खरीद पर भी 20,000 रूपए की छूट की पेशकश की जा रही है।
खरीददारों के लिए अगस्त 2021 में ग्लैंजा के अन्य वेरिएंट की खरीद पर 10,000 रूपए की नकद छूट, 8,000 रूपए का एक्सचेंज बोनस या लॉयल्टी बोनस और 2,000 रूपए की कॉर्पोरेट छूट उपलब्ध है। भारत में टोयोटा ग्लैंजा की शुरूआती कीमत 7.34 लाख रूपए है, जो कि टॉप वेरिएंट में 8.54 लाख रूपए (एक्स-शोरूम, नई दिल्ली) तक जाती है।
हालांकि कंपनी की कॉम्पैक्ट एसयूवी टोयोटा अर्बन क्रूजर की खरीद पर कोई नकद छूट उपलब्ध नहीं है, लेकिन 20,000 रूपए का एक्सचेंज बोनस उपलब्ध है। भारत में टोयोटा अर्बन क्रूजर की शुरूआती कीमत 8.62 लाख रूपए है, जो कि टॉप वेरिएंट में 11.40 लाख रूपए (एक्स-शोरूम, नई दिल्ली) तक जाती है। भारत में इस कार को कुल 6 ट्रिम में बेचा जाता है।

अगस्त 2021 में टोयोटा अपनी अन्य कारों की खरीद पर कोई छूट की पेशकश नहीं कर रही है, जिसमें फॉर्च्यूनर, इनोवा क्रिस्टा, यारिस, कैमरी और वेलफायर जैसी कारें शामिल हैं। यहाँ ध्यान देने वाली बात यह है कि यह ऑफर केवल 31 अगस्त 2021 तक है और केवल स्टॉक की उपलब्धता पर निर्भर करेगा। इसलिए खरीदरारों को नजदीकी टोयोटा डीलरशिप या कंपनी के ऑनलाइन प्लेटफार्म पर जानें की सलाह दी जाती है।
टोयोटा भारतीय बाजार में यारिस सेडान को बंद करने की योजना बना रही है, इसे मारुति सियाज के रीबैज संस्करण के साथ बदला जाएगा। इसके अलावा टोयोटा से जल्द ही एक नई एंट्री-लेवल एमपीवी पेश करने की भी उम्मीद है, जो कि एर्टिगा का रीबैज वर्जन होगा। इसके अलावा, मारुति सुजुकी और टोयोटा संयुक्त रूप से भारतीय बाजार के लिए दो नई एसयूवी विकसित कर रहे हैं। इन दोनों एसयूवी को दोनों निर्माता अपने-अपने ब्रांड के तहत बेचेंगे।