जुलाई 2026 में Kawasaki की बाइक्स पर बंपर ऑफर, 2.89 लाख रुपये तक की छूट

जुलाई 2026 में कावासाकी अपनी Ninja ZX-10R पर 2.89 लाख रुपये का कैश डिस्काउंट दे रही है

कावासाकी इंडिया जुलाई 2026 में अपनी कई मोटरसाइकिलों पर भारी डिस्काउंट और आकर्षक ऑफर्स दे रही है। 2024, 2025 और 2026 में बनी कुछ चुनिंदा कावासाकी बाइक्स खरीदने पर ग्राहकों को कैश डिस्काउंट के साथ फ्री एक्सेसरीज भी मिलेंगी।। कंपनी साल 2026 की शुरुआत से ही गैर-E20 फ्यूल कम्प्लायंट मॉडल्स का स्टॉक खत्म करने के लिए ये ऑफर्स दे रही है, जिन्हें अब 31 जुलाई 2026 तक बढ़ा दिया गया है।

कावासाकी की एंट्री-लेवल ऑफ-रोड बाइक KLX230 RS के MY24 मॉडल पर 1.50 लाख रुपये और MY25 मॉडल पर 1 लाख रुपये का कैश डिस्काउंट दिया जा रहा है। ये दोनों मॉडल भारत में लोकल प्रोडक्शन शुरू होने से पहले CBU (Completely Built Unit) के रूप में आयात किए गए थे। इसलिए कंपनी इन पर भारी छूट दे रही है। फिलहाल भारत में बनी KLX230 RS की कीमत 1.89 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है, जबकि पहले इसका CBU मॉडल 5.21 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) में आता था।

MY26 कावासाकी Ninja ZX-10R पर इस महीने 2.89 लाख रुपये का डिस्काउंट मिल रहा है। कंपनी पिछले कई महीनों से सुपरबाइक की बिक्री बढ़ाने के लिए यह ऑफर दे रही है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 20.79 लाख रुपये है। वहीं MY26 Kawasaki Ninja ZX-6R खरीदने पर ग्राहकों को 83,000 रुपये कीमत का Ohlins Steering Damper बिल्कुल मुफ्त दिया जा रहा है।

Kawasaki Ninja ZX 10R

कावासाकी Versys-X 300 के MY25 मॉडल पर 35,000 रुपये और MY26 मॉडल पर 10,000 रुपये का डिस्काउंट मिल रहा है। इसके अलावा ग्राहक Panniers या Centre Stand में से किसी एक एक्सेसरी (करीब 20,000 रुपये तक की कीमत) को मुफ्त में चुन सकते हैं। वहीं कावासाकी W175 के बचे हुए सभी मॉडल्स पर, चाहे उनका मॉडल ईयर कोई भी हो, 2,000 रुपये का डिस्काउंट दिया जा रहा है। MY23 W175 की कीमत 1.15 लाख रुपये, जबकि MY24 मॉडल की कीमत 1.21 लाख से 1.25 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है।

MY26 कावासाकी Ninja 1100 SX पर 50,000 रुपये का कैश डिस्काउंट मिल रहा है। ग्राहक चाहें तो कैश डिस्काउंट की जगह Pannier Inner Bag Set या Large Windscreen जैसी फ्री एक्सेसरी भी चुन सकते हैं। दूसरी ओर, MY25 Kawasaki Ninja 650 पर 5,000 रुपये का कैश डिस्काउंट दिया जा रहा है। यदि ग्राहक कैश ऑफर नहीं लेना चाहते, तो उन्हें फ्री विंडशील्ड का विकल्प भी मिलता है। इस बाइक की एक्स-शोरूम कीमत 3.17 लाख रुपये है।

Kawasaki Ninja 1100SX

MY26 Kawasaki Z900 Green खरीदने वाले ग्राहकों को कंपनी मुफ्त में Large Smoke Meter Cover दे रही है। इसके अलावा पहली सर्विस, जिसकी कीमत करीब 12,000 रुपये है, उसके लिए भी कोई पैसा नहीं देना होगा। वहीं MY25 Kawasaki Z650RS पर 14,000 रुपये का सीधा कैश डिस्काउंट दिया जा रहा है। इस रेट्रो मोटरसाइकिल की एक्स-शोरूम कीमत 7.83 लाख रुपये है।