
जनवरी 2026 में मारुति सुजुकी नेक्सा की इनविक्टो, ग्रैंड विटारा, बलेनो, इग्निस, सियाज़, XL6 जैसे मॉडल 1.30 लाख तक के डिस्काउंट के साथ उपलब्ध हैं
मारुति सुजुकी जनवरी 2026 में अपनी नेक्सा रेंज की कारों पर आकर्षक छूट दे रही है। इस वजह से यह समय नेक्सा ब्रांड की कार खरीदने के लिए बेहतरीन माना जा रहा है। हालांकि, छूट की राशि शहर और डीलर के पास उपलब्ध स्टॉक पर निर्भर करती है। इस लिस्ट में सबसे ज्यादा फायदा देने वाली कार मारुति सुजुकी की इनविक्टो है।
टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस पर आधारित यह प्रीमियम MPV कुल मिलाकर 1.30 लाख तक के फायदे के साथ उपलब्ध है, जिसमें एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस और कॉर्पोरेट ऑफर शामिल हैं। वहीं मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा के चुनिंदा वेरिएंट्स पर 1.25 लाख रुपये तक की छूट दी जा रही है।
ग्रैंड विटारा के स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वेरिएंट्स पर सबसे ज्यादा छूट मिल रही है, जबकि माइल्ड-हाइब्रिड वर्ज़न पर कम लाभ दिए जा रहे हैं। मिडसाइज SUV सेगमेंट में बढ़ती मांग के बीच जनवरी 2026 की ये छूट ग्रैंड विटारा को और ज्यादा आकर्षक बनाती हैं। पिछले महीने भारत में ग्रैंड विटारा की 8,597 यूनिट की बिक्री हुई है, जो सालाना आधार पर 21 फीसदी की वृद्धि है।

प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में मारुति सुजुकी बलेनो पर 45,000 रुपये तक की छूट मिल रही है, जिनमें खासकर AMT वेरिएंट्स शामिल हैं। वहीं, मैनुअल और CNG वेरिएंट्स पर थोड़ी कम छूट दी जा रही है। हुंडई i20 और टाटा अल्ट्रोज जैसी कारों से मुकाबला करने वाली बलेनो नेक्सा डीलरशिप्स की प्रमुख सेल्स कार बनी हुई है।
नेक्सा की सबसे किफायती कार इग्निस पर भी इस महीने 45,000 रुपये तक का फायदा मिल रहा है। इसके AMT वेरिएंट्स पर सबसे ज्यादा छूट दी जा रही है, जबकि मैनुअल वेरिएंट्स पर ऑफर थोड़ा कम है। मारुति सुजुकी सियाज सेडान पर डीलर स्टॉक के हिसाब से 40,000 रुपये तक की छूट मिल सकती है।

इसके अलावा मारुति सुजुकी XL6 के पेट्रोल और CNG दोनों वेरिएंट्स पर 35,000 रुपये तक की छूट दी जा रही है। वहीं मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स के टर्बो-पेट्रोल वेरिएंट्स पर 30,000 रुपये तक की छूट दी जा रही है। पिछले महीने मारुति फ्रॉन्क्स बलेनो के बाद भारत में दूसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही है। वहीं मारुति सुजुकी जिम्नी लाइफस्टाइल ऑफ-रोड एसयूवी पर 25,000 रुपये तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है।