
रॉयल एनफील्ड Flying Flea C6 की बुकिंग भारत में 10 अप्रैल 2026 को 10,000 रुपये की टोकन राशि के साथ शुरू हुई थी
रॉयल एनफील्ड की पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Flying Flea C6 की डिलीवरी बेंगलुरु में शुरू हो गई है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 2.79 लाख रुपये रखी गई है। वहीं, Battery-as-a-Service (BaaS) विकल्प के साथ इसे 1.99 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर खरीदा जा सकता है, जिसमें बैटरी की लागत अलग से चुकानी होगी।
Flying Flea C6 में 3.91 kWh का बैटरी पैक और परमानेंट-मैग्नेट सिंक्रोनस मोटर दी गई है, जो 20.65 बीएचपी की पावर और 60 Nm का टॉर्क पैदा करती है। इसमें चेन की जगह बेल्ट ड्राइव सिस्टम दिया गया है, जिससे रखरखाव कम हो जाता है। यह इलेक्ट्रिक बाइक 0 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार सिर्फ 3.7 सेकंड में पकड़ सकती है, जबकि इसकी टॉप स्पीड 115 किमी/घंटा है। कंपनी के अनुसार, यह एक बार चार्ज करने पर 154 किमी की IDC रेंज देती है।
चार्जिंग की बात करें तो बैटरी को 0 से 100 प्रतिशत चार्ज होने में 2 घंटे 16 मिनट लगते हैं। वहीं, 20 से 80 फीसदी चार्ज करने में केवल 65 मिनट का समय लगता है। बैटरी में 224 Nickel Cobalt Aluminium सेल्स का इस्तेमाल किया गया है और इसे IP67 रेटिंग भी मिली है, जिससे यह धूल और पानी से सुरक्षित रहती है।

बाइक का चेसिस वेल्ड-फ्री फोर्ज्ड एल्युमिनियम एक्सोस्केलेटन पर आधारित है। इसमें मैग्नीशियम बैटरी केसिंग और अलॉय व्हील्स का उपयोग किया गया है, जिससे वजन कम रखने में मदद मिलती है। इसके फ्रंट में दिया गया गर्डर-फोर्क सस्पेंशन 1940 के दशक की मूल Flying Flea मोटरसाइकिल से प्रेरित है।
फीचर्स की बात करें तो Flying Flea C6 में 3.5-इंच TFT टचस्क्रीन डिस्प्ले, फुल-मैप नेविगेशन, फोन-एज़-की, क्रूज़ कंट्रोल, राइडिंग और चार्जिंग मोड्स, कीलेस एक्सेस, इलेक्ट्रॉनिक हैंडलबार लॉक और ऑटो होल्ड जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके स्टोरेज कंपार्टमेंट में वायरलेस फोन चार्जर और USB Type-C पोर्ट भी दिया गया है।

सुरक्षा के लिए इसमें लीन-एंगल सेंसिटिव ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम मिलता है, जो बाइक के झुकाव के अनुसार काम करता है। यह मोटरसाइकिल पिलियन राइडर को भी साथ लेकर चल सकती है और इसे Flea Green तथा Storm Black रंगों में उपलब्ध कराया गया है।