सिट्रॉएन भारत में लॉन्च करेगी एक नई एसयूवी, एमपीवी और इलेक्ट्रिक कार

citroen c5 aircross hybrid

सिट्रॉएन भारत में कई नई कारों को लॉन्च करने की योजना बना रही है, जिसकी शुरूआत संभवतः जून 2022 में C3 की ल़ॉन्च के साथ होगी

सिट्रॉएन भारत में बिल्कुल नई C3 सबकॉम्पैक्ट हैचबैक को लॉन्च करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। कंपनी का लक्ष्य अफ्रीका, मध्य पूर्व और एशियाई बाजारों में कारों के निर्यात के लिए भारत को आधार बनाना है। इसे जोड़ते हुए सिट्रॉएन का लक्ष्य 2023 में भारतीय बाजार में एक बिल्कुल नई इलेक्ट्रिक कार को भी लॉन्च करना है।

एक नई मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि स्टेलंटिस को भारत में अपने कुल उत्पादन का एक चौथाई से एक तिहाई हिस्सा अंतरराष्ट्रीय बाजारों की ओर जाने की उम्मीद है और यह उत्पादन सुविधाओं का उच्च उपयोग सुनिश्चित करेगा। इसकी शुरूआत कंपनी संभवतः जून 2022 में सिट्रॉएन C3 के साथ करेगी।

यह नया मॉडल क्रॉसओवर स्टाइल के साथ आता है, जिसमें उभरे हुए बोनट, ज्यादा ग्राउंड क्लीयरेंस और एलिवेटेड सीटिंग पोजीशन है। वास्तव में सिट्रॉएन डीलरों ने अनौपचारिक रूप से इस छोटी कार के लिए प्री-ऑर्डर स्वीकार करना शुरू कर दिया है। रिपोर्ट में आगे दावा किया गया है कि कंपनी 2023 में देश में एक नई इलेक्ट्रिक कार को भी पेश करेगी।

Citroen C3 SUV

इस इलेक्ट्रिक कार के सिट्रॉएन C3 का इलेक्ट्रिक वर्जन होने की संभावना है। नया मॉडल भारी स्थानीयकृत सीएमपी प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा, जो विभिन्न बॉडी स्टाइल और पावरट्रेन को समायोजित करने के लिए अनुकूल है। इस इलेक्ट्रिक कार को पेश करने के बाद कंपनी देश में एक नई एसयूवी और एक बिल्कुल-नई एमपीवी भी लॉन्च करेगी, जिनके 2025 तक आने की उम्मीद है।

कंपनी 2025 तक सिर्फ 1 लाख कारों की संयुक्त मात्रा की उम्मीद कर रही है। नई एसयूवी और एमपीवी में भी सीएमपी प्लेटफॉर्म का उपयोग करने की उम्मीद है। हालांकि लंबे व्हीलबेस मॉडल को समायोजित करने के लिए इसे संशोधित किया जाएगा। इसके पहले आई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि कंपनी देश में एक नई मिड-साइज़ एसयूवी (CC24 कोडनाम) को भी पेश करेगी।

citroen berlingoयह एसयूवी हुंडई क्रेटा और किआ सेल्टोस जैसी कारों के मुकाबले होगी और इसे 2023 में पेश करने की योजना थी, हालाँकि देश में चल रहे हेल्थ क्राइसिस को ध्यान में रखते हुए इसमें देरी हुई है। सिट्रोएन देश में बर्लिंगो एमपीवी की भी टेस्टिंग कर रही है। इसे स्टैंडर्ड (4400mm) और XL (4750mm) के साथ दो ट्रिम में पेश किया जा सकता है और कंपनी बर्लिंगो से प्रेरित एक बिल्कुल नई एमपीवी लॉन्च कर सकती है। इसके अलावा कुछ मीडिया रिपोर्टों के अनुसार सिट्रॉएन भारतीय बाजार के लिए एक इलेक्ट्रिक एमपीवी या क्रॉसओवर पर भी विचार कर रही है।