सिट्रोएन ने Aircross X Max Turbo 5-सीटर और C3 Live (O) वेरिएंट किए लॉन्च

सिट्रोएन Aircross X Max Turbo 5-सीटर और C3 Live (O) वेरिएंट केवल बुकिंग के आधार पर उपलब्ध होंगे

सिट्रोएन इंडिया भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में खुद को मजबूत करने के लिए लगातार बदलाव कर रही है। इसी कड़ी में कंपनी ने अपनी नई रणनीति ‘Citroën 2.0’ को लागू किया है, जिसके तहत पोर्टफोलियो में अहम अपडेट और नए वेरिएंट पेश किए जा रहे हैं। इस रणनीति के तहत पहले X वर्जन लॉन्च किए गए थे और अब कंपनी ने Aircross X Max Turbo 5S और C3 Live (O) जैसे नए वेरिएंट उतारे हैं, जिनका मकसद ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए बिक्री को बढ़ाना है।

दोनों मॉडल सिर्फ बुकिंग पर मिलेंगे और इनका निर्माण ग्राहकों के पक्के ऑर्डर के बाद ही किया जाएगा। सिट्रोएन Aircross X को 5-सीटर और 7-सीटर कॉन्फ़िगरेशन में पेश किया जाता है। यह एसयूवी You, Plus और Max के साथ तीन ट्रिम्स में उपलब्ध है। पहले Max ट्रिम केवल 7-सीटर (5+2) लेआउट में ही मिलता था, जबकि 5-सीटर विकल्प You और Plus तक सीमित था।

अब सिट्रोएन ने Aircross X Max Turbo 5S लॉन्च कर दिया है, जिसकी कीमत 12.41 लाख रुपये रखी गई है। यह मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आती है और Max Turbo 7S (₹12.8 लाख) से सस्ती है। यह पहली बार है जब Aircross का 5-सीटर वेरिएंट टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ पेश किया गया है।

Citroen C3 (1)

इस वेरिएंट में 444 लीटर का बड़ा बूट स्पेस मिलता है और तीन रंग विकल्प दिए गए हैं, जिनमें Polar White, Deep Forest और Perla Nera ब्लैक शामिल हैं। फीचर्स की बात करें तो इसमें सेकेंड रो के लिए 60 मिमी ज्यादा नी-रूम, रियर सेंटर आर्मरेस्ट के साथ कप होल्डर्स, तीन-स्टेप सीट रीक्लाइन और Fauve डार्क ब्राउन इंटीरियर थीम दी गई है, जो इसे ज्यादा आरामदायक बनाती है।

इसी के साथ सिट्रोएन ने अपनी सबसे किफायती हैचबैक C3 के लिए भी नया Live (O) वेरिएंट पेश किया है। यह Live और Feel ट्रिम्स के बीच पोजिशन किया गया है। इस वेरिएंट में केवल एक ही एक्सटीरियर कलर पर्ला नेरा ब्लैक मिलता है। C3 Live (O) में 10.1-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम (Android Auto और Apple CarPlay सपोर्ट के साथ), स्पीकर्स, रियर-व्यू कैमरा, क्रोम टच फॉग लैंप्स, व्हील कवर्स, साइड बॉडी क्लैडिंग और व्हील आर्च क्लैडिंग जैसे 10 से ज्यादा फीचर्स दिए गए हैं, जो इसे एंट्री-लेवल खरीदारों के लिए ज्यादा आकर्षक बनाते हैं।

Citroen C3

स्टेलांटिस इंडिया के बिजनेस हेड कुमार प्रियेश ने कहा कि “Citroën 2.0 रणनीति के तहत कंपनी ग्राहकों की जरूरतों को तेजी से समझकर उसी अनुसार उत्पाद पेश कर रही है। बुकिंग-आधारित मॉडल से मांग और उत्पादन के बीच बेहतर तालमेल बनाया जा रहा है। कुल मिलाकर, नए वेरिएंट्स के जरिए सिट्रोएन इंडिया भारतीय बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने और ज्यादा ग्राहकों को आकर्षित करने की दिशा में एक और अहम कदम उठा रही है।”