
सिट्रोएन e-C3X को BaaS प्लान के तहत 6.89 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर खरीदा जा सकता है, जबकि बैटरी इस्तेमाल करने के लिए ग्राहकों को 2.26 रुपये प्रति किलोमीटर अलग से देने होंगे
सिट्रोएन ने भारत में अपडेटेड e-C3X इलेक्ट्रिक क्रॉसओवर को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसमें नया Battery-as-a-Service (BaaS) मॉडल, कुछ कॉस्मेटिक बदलाव और ज्यादा फीचर्स वाला केबिन दिया है। इस नई योजना के तहत ग्राहक कार और बैटरी को अलग-अलग खरीद सकते हैं, जिससे शुरुआती कीमत काफी कम हो जाती है। इसकी बुकिंग देशभर की सिट्रोएन डीलरशिप और कंपनी के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर शुरू हो चुकी है।
सिट्रोएन का कहना है कि इससे EV खरीदना अधिक आसान और किफायती हो जाएगा। नई e-C3X की शुरुआती कीमत 6.89 लाख रुपये रखी गई है, जबकि बैटरी उपयोग के लिए 2.26 रुपये प्रति किलोमीटर का शुल्क देना होगा। वहीं, इसकी कीमत बैटरी के साथ 10.25 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।
डिजाइन की बात करें तो सिट्रोएन e-C3X में LED हेडलाइट्स, स्प्लिट LED DRLs, फ्रंट फॉग लैंप, नए X बैज, 15-इंच डायमंड-कट अलॉय व्हील्स, फ्रंट और रियर स्किड प्लेट्स, ऑटो-फोल्डिंग ORVMs और 170 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस मिलता है। कंपनी का दावा है कि इसका टर्निंग रेडियस सिर्फ 4.98 मीटर है।

सिट्रोएन ने अपनी सिग्नेचर सस्पेंशन ट्यूनिंग और कम्फर्ट सीट्स को भी बरकरार रखा है। इलेक्ट्रिक पावरट्रेन होने के कारण यह शांत और वाइब्रेशन-फ्री ड्राइविंग अनुभव प्रदान करती है। इसके अलावा भारतीय मौसम को ध्यान में रखते हुए एयर कंडीशनिंग सिस्टम को भी अपग्रेड किया गया है, जिससे गर्मियों में बेहतर कूलिंग मिलती है।
केबिन में नया इलेक्ट्रिक ब्लू थीम वाला डैशबोर्ड दिया गया है। वेरिएंट के अनुसार ड्यूल-टोन लेदरेट सीट्स या फैब्रिक सीट्स का विकल्प मिलता है। इसमें 2,450 मिमी का व्हीलबेस और 315 लीटर का बूट स्पेस मिलता है। फीचर्स की सूची में 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्राइड ऑटो और एप्पल कारप्ले, 7-इंच TFT डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस फोन चार्जर, इलेक्ट्रोक्रोमिक IRVM और कनेक्टेड Car 2.0 तकनीक शामिल हैं। यह सिस्टम 40 से अधिक कनेक्टेड फीचर्स प्रदान करता है।

ग्राहक चाहें तो JBL प्रीमियम ऑडियो सिस्टम और फ्रंट-रियर डैशकैम पैकेज भी चुन सकते हैं। यह डैशकैम लेन डिपार्चर अलर्ट, आगे चल रहे वाहन की दूरी की निगरानी और पैदल यात्रियों की चेतावनी जैसे सेफ्टी फीचर्स से लैस है। सुरक्षा के लिए e-C3X में 6 एयरबैग्स, ABS के साथ EBD, ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट्स, स्पीड-सेंसिटिव ऑटो डोर लॉक और बैटरी प्रोटेक्शन सिस्टम जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं। नई सिट्रोएन e-C3X को Polar White, Steel Grey, Cosmo Blue, Perla Nera Black, Garnet Red और Deep Forest Green सहित 6 रंगों में पेश किया गया है।