टोयोटा ने अपनी कारों की कीमतों में 1 अप्रैल 2022 से 4 फीसदी तक की वृद्धि करने की घोषणा की है
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने अपनी कारों की कीमतों में वृद्धि करने की घोषणा की है। इसे लेकर कंपनी का कहना है कि वह 1 अप्रैल 2022 से अपने मॉडलों की कीमतों में 4 फीसदी तक की बढ़ोतरी करेगी। यह बढ़ोतरी कच्चे माल सहित बढ़ती इनपुट लागत के कारण हुई है। हालाँकि कंपनी का यह भी कहना है कि उसने एक प्रतिबद्ध और ग्राहक केंद्रित कंपनी के रूप में उपभोक्ताओं पर बढ़ती लागत के प्रभाव को कम करने के लिए सभी सचेत प्रयास किए हैं।
जैसा कि स्पष्ट है कारों की कीमतों में संशोधन होना अब हर तीसरे महीने सामान्य हो गया है। इसी कड़ी में टोयोटा अपनी कारों की कीमतों में वृद्धि करने की जा रही है। हालाँकि कंपनी का यह भी कहना है कि इनपुट लागतों की वृद्धि के बीच भी उसने ऐसे सारे प्रयास किए हैं, ताकि खरीददारों की जेब पर बोझ न बढ़े।
यह बढ़ी हुई कीमत फॉर्च्यूनर, इनोवा क्रिस्टा, कैमरी और अर्बन क्रूजर पर लागू होगी, लेकिन कंपनी द्वारा 4 प्रतिशत तक की वर्तमान मूल्य वृद्धि में यह नहीं बताया गया है कि बढ़ी हुई कीमत हाल ही में लॉन्च हुई 2022 टोयोटा ग्लैंजा पर लागू होगा या नहीं। यह कार मूल रूप से 2022 मारुति बलेनो का रिबैज वर्जन है, जिसे मार्च 2022 के मध्य में पेश किया गया था।
कंपनी ने लॉन्च के पहले ही इस प्रीमियम हैचबैक के लिए प्री-बुकिंग शुरू कर दी थी, जबकि अब जल्द ही टोयोटा इंडिया द्वारा इसकी डिलीवरी शुरू की जाएगी। हेल्थ क्राइसिस के बीच बाजार में उतार-चढ़ाव के बाद अब व्यवसाय फिर से पटरी पर आ रहा है, लेकिन सेमीकंडक्टर की समस्या बनी हुई है। इसलिए कंपनियां इन जटिलताओं को कम करने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।
वर्तमान में भारत में टोयोटा का उत्पाद पोर्टफोलियो सीमित है। इसमें बलेनो आधारित ग्लैंजा निर्माता की एंट्री लेवल कार है। वहीं मारुति विटारा ब्रेज़ा पर आधारित अर्बन क्रूजर एक और उच्च मात्रा वाला उत्पाद है। टोयोटा इनोवा क्रिस्टा और फॉर्च्यूनर निर्माता की क्षमता को बनाए रखते हैं और वर्तमान में ये सभी 4 वाहन मिलकर टोयोटा की बिक्री की रीढ़ बने हुए हैं।
इसके अलावा कंपनी देश में लाइफस्टाइल प्रीमियम एमपीवी वेलफायर और कैमरी सेडान की भी बिक्री करती है, लेकिन इनकी ज्यादा बिक्री नहीं है। हालाँकि कंपनी भारत में अपना पोर्टफोलियो बढ़ाने पर कार्य कर रही है और टोयोटा हिलक्स का पहले ही अनावरण किया जा चुका है, जबकि देश में अपडेटेड अर्बन क्रूजर, बेल्टा, रूमियन और नई मिड-साइज एसयूवी के जल्द लॉन्च होने की उम्मीद है।