अप्रैल 2023 में इन बाइक-स्कूटर की हुई बंपर बिक्री, देखिए टॉप-10 की लिस्ट

pulsar ns 160

अप्रैल 2023 में दोपहिया वाहनों की बिक्री में एक्सेस, प्लेटिना और अपाचे के साथ-साथ स्प्लेंडर, एक्टिवा और पल्सर ने रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की है

वित्त वर्ष 2023-24 के पहले महीने यानी कि अप्रैल में दोपहिया वाहनों की बिक्री में अच्छा उछाल देखने को मिला है। देश में उपलब्ध मोटरसाइकिलों और स्कूटरों की बिक्री में सालाना आधार पर 23.79 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। आइए अप्रैल 2023 में बिक्री के आधार पर टॉप-10 दोपहिया वाहनों के बारे में जान लेते हैं।

अप्रैल 2023 में टॉप-10 दोपहिया वाहनों की बिक्री कुल मिलाकर 10,25,782 यूनिट की रही है, जो अप्रैल 2022 में बेचीं गई 8,28,643 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 23.79 फीसदी की वृद्धि है। वित्त वर्ष 2023 के माध्यम से बिक्री को ध्यान में रखते हुए, टॉप-10 की सूची में बाइक्स ने भी 15.28 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,12,48,574 यूनिट का आंकड़ा पार किया है, जबकि वित्त वर्ष 2022 में यह आंकड़ा 97,57,340 यूनिट का था।

बजाज पल्सर के साथ हीरो स्प्लेंडर और होंडा एक्टिवा ने एक बार फिर इस सेगमेंट पर राज किया है। अप्रैल 2023 में स्प्लेंडर की बिक्री 13.30 प्रतिशत बढ़कर 2,65,225 यूनिट की रही है, जबकि अप्रैल 2022 में यह आंकड़ा 2,34,085 यूनिट का था। अप्रैल 2023 में होंडा एक्टिवा 2,46,357 यूनिट के साथ दूसरे स्थान पर रही है, जो अप्रैल 2022 में बेची गई 1,63,357 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 50.60 प्रतिशत की वृद्धि है।

टॉप-10 दोपहिया वाहन अप्रैल 2023 अप्रैल 2022
हीरो स्प्लेंडर (13.30%) 2,65,225 2,34,085
होंडा एक्टिवा (50.60%) 2,46,016 1,63,357
बजाज पल्सर (150.49%) 1,15,371 46,040
होंडा CB शाइन (-15.32%) 89,261 1,05,413
हीरो HF डीलक्स (-21.77%) 78,700 1,00,601
टीवीएस जुपिटर (-2.25%) 59,583 60,957
सुजुकी एक्सेस (58.60%) 52,231 32,932
बजाज प्लेटिना (18.36%) 46,322 39,136
टीवीएस अपाचे (419.59%) 38,148 7,342
टीवीएस XL (-9.94%) 34,925 38,780

वहीं कंपनी अगले साल एक्टिवा इलेक्ट्रिक स्कूटर को लॉन्च करने की योजना बना रही है। लॉन्च होने के बाद एक्टिवा इलेक्ट्रिक का मुकाबला टीवीएस आईक्यूब और बजाज चेतक से होगा। वहीं बजाज पल्सर की बिक्री में वृद्धि देखी गई है, जो अप्रैल 2023 में 150.59 प्रतिशत बढ़कर 1,15,371 यूनिट रही है। वहीं अप्रैल 2022 में यह आंकड़ा 46,040 यूनिट का था। नई पल्सर NS160, NS200 और 220 ने इस बिक्री में बड़ा योगदान दिया है।

वहीं दूसरी ओर होंडा सीबी शाइन की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है। इसकी बिक्री अप्रैल 2022 में बेची गई 1,05,413 यूनिट की तुलना में पिछले महीने 15.32 प्रतिशत घटकर 89,261 यूनिट की रही है। वहीं अप्रैल 2023 में हीरो की एचएफ डीलक्स की 78,700 यूनिट और टीवीएस जुपिटर की 59,583 यूनिट की बिक्री हुई है। इन्हें क्रमशः 21.77 प्रतिशत और 2.25 प्रतिशत की गिरावट का सामना करना पड़ा है। अप्रैल 2023 में टॉप-10 दोपहिया वाहनों की बिक्री की सूची में नंबर 7 पर सुजुकी एक्सेस थी। इसकी बिक्री अप्रैल 2023 में 58.60 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 52,231 यूनिट की रही है।

वहीं बजाज प्लेटिना को सूची में 46,322 यूनिट के साथ आठवां स्थान प्राप्त हुआ है, जो अप्रैल 2022 में बेची गई 39,136 यूनिट की तुलना में सालाना आधार पर 18.36 प्रतिशत की वृद्धि है। वही सूची में टीवीएस अपाचे और XL100 को क्रमश: नौवां और दसवां स्थान प्राप्त हुआ है।