
मार्च 2026 में होंडा सिटी हाइब्रिड सेडान पर सबसे ज्यादा 1.97 लाख रुपये तक की छूट दी जा रही है
होंडा कार्स इंडिया ने इस महीने के लिए अपने पूरे घरेलू पोर्टफोलियो पर आकर्षक ऑफर्स की घोषणा की है। इन ऑफर्स में होंडा सिटी सेडान, होंडा Elevate एसयूवी और Honda Amaze कॉम्पैक्ट सेडान शामिल हैं। मॉडल और वेरिएंट के आधार पर ग्राहकों को अधिकतम 1.97 लाख रुपये तक की बचत मिल सकती है। इस महीने सबसे ज्यादा छूट सिटी हाइब्रिड सेडान पर दी जा रही है, जो फिलहाल एक ही वेरिएंट में उपलब्ध है।
हाइब्रिड वर्जन खरीदने वाले ग्राहकों को 1.97 लाख रुपये तक का लाभ मिल सकता है, जिससे यह इस महीने कंपनी की सबसे ज्यादा डिस्काउंट वाली कार बन गई है। सिटी हाइब्रिड में 1.5-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन मिलता है, जो 126 एचपी की पावर पैदा करता है। इसमें e-CVT ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन दिया गया है और कंपनी के अनुसार यह 27.1 किमी/लीटर तक का माइलेज देती है।
पेट्रोल इंजन वाली होंडा City पर भी अच्छी छूट मिल रही है। मार्च महीने में इसके चुनिंदा वेरिएंट्स पर 1.56 लाख रुपये तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है। इस सेडान में 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 121 एचपी की पावर और 145 Nm का टॉर्क देता है। यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल और CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के विकल्प के साथ उपलब्ध है।

वहीं कंपनी की मिडसाइज एसयूवी Elevate पर भी इस महीने शानदार ऑफर मिल रहा है। इस पर ग्राहकों को 1.81 लाख रुपये तक का लाभ दिया जा रहा है। एलीवेट में वही इंजन विकल्प मिलता है जो सिटी में दिया गया है और इसे मैनुअल और CVT ट्रांसमिशन के साथ खरीदा जा सकता है। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Hyundai Creta, Kia Seltos, Tata Sierra, Volkswagen Taigun और Skoda Kushaq जैसी एसयूवी से है।
कॉम्पैक्ट सेडान सेगमेंट में Honda Amaze की दोनों जेनरेशन पर भी ऑफर्स मिल रहे हैं, क्योंकि कंपनी अभी दोनों मॉडलों को एक साथ बेच रही है। दूसरी जेनरेशन अमेज पर 68,000 रुपये तक का फायदा मिल सकता है, जबकि मौजूदा जेनरेशन मॉडल पर 57,000 रुपये तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है। इन दोनों में 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है, जिसे 5-स्पीड मैनुअल या CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ खरीदा जा सकता है।

ध्यान रखें कि छूट की सही रकम शहर, वेरिएंट और डीलरशिप में उपलब्ध स्टॉक के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है। इसलिए सही ऑफर जानने के लिए ग्राहकों को अपने नजदीकी होंडा डीलरशिप से संपर्क करना चाहिए। इसके अलावा होंडा की भारत के काफी बड़ी योजना है, जिसमें 2030 तक 10 कारों को लॉन्च करना है। कंपनी 2027 में अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार भी लॉन्च करेगी।