BSA Scrambler 650 में 652 सीसी लिक्विड-कूल्ड सिंगल-सिलेंडर डीओएचसी इंजन मिलता है जो 44.5 बीएचपी की पावर और 55 एनएम का टॉर्क देता है
क्लासिक लेजेंड्स ने भारतीय बाजार में BSA Scrambler 650 को 3.25 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया है। यह भारत में BSA का दूसरा मॉडल है, जो BSA Gold Star 650 के बाद आया है और इसका सीधा मुकाबला रॉयल एनफील्ड Bear 650 से है। BSA Scrambler 650 का ग्लोबल डेब्यू पिछले साल जुलाई में यूके में हुआ था।
इस स्क्रैम्बलर बाइक को Raven Black, Victor Yellow और Thunder Grey कलर में पेश किया गया है। इसे भारतीय सड़कों और अलग-अलग तरह के रास्तों पर बेहतर कंट्रोल देने के लिए खास तौर पर ट्यून किया गया है। यह बाइक सीधे तौर पर Royal Enfield Bear 650 को टक्कर देती है। इसमें 652 cc का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 44.5 bhp की पावर और 55 Nm का टॉर्क देता है।
यह इंजन खासकर लो और मिड-रेंज परफॉर्मेंस के लिए ट्यून किया गया है और इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। डिजाइन की बात करें तो Scrambler 650 को Gold Star 650 से अलग पहचान देने की कोशिश की गई है, लेकिन इसमें फैमिली लुक बरकरार रखा गया है। इसमें गोल हेडलाइट, ऊंचा फ्रंट मडगार्ड, अपस्वेप्ट एग्जॉस्ट, ब्रेसेड हैंडलबार और सेमी-नॉबी टायर्स जैसे एलिमेंट्स दिए गए हैं, जो इसे एक असली स्क्रैम्बलर लुक देते हैं।

बीएसए स्क्रैम्बलर 650 में स्टैंडर्ड फिटमेंट के तौर पर एक गोल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है। बाइक में 19-इंच फ्रंट और 17-इंच रियर स्पोक व्हील्स के साथ Pirelli Scorpion Rally STR टायर्स दिए गए हैं, जो खराब सड़कों और हल्के ऑफ-रोड के लिए उपयुक्त हैं।
सस्पेंशन के लिए इसमें आगे 41 mm टेलीस्कोपिक फोर्क्स और पीछे ड्यूल शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं। ब्रेकिंग के लिए फ्रंट में 320 mm डिस्क और रियर में 255 mm डिस्क दी गई है, दोनों में Brembo कैलिपर्स का इस्तेमाल किया गया है। बाइक में ट्रैक्शन कंट्रोल और स्विचेबल रियर ABS जैसे फीचर्स भी मिलते हैं। इसका ग्राउंड क्लियरेंस 187 mm, सीट हाइट 820 mm और व्हीलबेस 1,465 mm है।

कंपनी इस बाइक के साथ 4 साल या 50,000 किमी की वारंटी दे रही है, जिसे 6 साल तक बढ़ाया जा सकता है। साथ ही 8 साल तक रोडसाइड असिस्टेंस और 5 साल तक AMC का विकल्प भी दिया गया है। इसके अलावा कई एक्सेसरीज जैसे इंजन गार्ड, सैडल बैग, रियर रैक और हेडलाइट ग्रिल भी उपलब्ध हैं। कुल मिलाकर, BSA Scrambler 650 अपनी कीमत और फीचर्स के साथ Royal Enfield के लिए एक मजबूत चुनौती बनकर सामने आई है।