BMW F 450 GS एडवेंचर भारतीय बाजार में जल्द होगी लॉन्च, जानें डिटेल्स

BMW F 450 GS (1)

BMW F 450 GS में 420 सीसी का पैरेलल-ट्विन इंजन लगा है जो 48 एचपी की पावर और 43 एनएम का टॉर्क उत्पन करने में सक्षम है

BMW Motorrad भारत में अपनी नई एडवेंचर बाइक F 450 GS को लाने की तैयारी कर रही है। यह एक मिड-कैपेसिटी बाइक होगी, जिसे 2026 की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है। यह बाइक F 850 GS से नीचे की कैटेगरी में आएगी। इसका प्रोडक्शन TVS मोटर के होसुर प्लांट में शुरू हो चुका है। अगर BMW इसकी कीमत सही और किफायती रखती है, तो F 450 GS ज्यादा ग्राहकों तक GS सीरीज को पहुंचाने में मदद करेगी।

इस बाइक की सबसे खास बात इसकी आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक और राइडिंग टेक्नोलॉजी है। F 450 GS में ट्रैक्शन कंट्रोल, कॉर्नरिंग ABS, डायनामिक ब्रेक कंट्रोल और इंजन ब्रेक मैनेजमेंट जैसे फीचर्स मिलेंगे। इसमें राइडर रेन, रोड और एंड्यूरो जैसे राइडिंग मोड्स चुन सकेंगे। वहीं एंड्यूरो प्रो मोड सिर्फ महंगे और ऊंची श्रेणी के वेरिएंट्स में ही मिलेगा। इसमें 6.5-इंच का TFT डिस्प्ले मिलेगा, जिसमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, नेविगेशन सपोर्ट, हीटेड ग्रिप्स और यूएसबी-C चार्जिंग पोर्ट जैसी सुविधाएं होंगी।

डिज़ाइन की बात करें तो F 450 GS, BMW की पहचान वाली GS डिजाइन स्टाइल को फॉलो करती है, लेकिन इसका वजन बड़े GS मॉडलों के मुकाबले कम करने की कोशिश की गई है। इसमें ऊंचा और सीधा स्टांस, नुकीला चोंच जैसा फ्रंट और X-आकार का LED हेडलैंप मिलेगा। इसका कॉम्पैक्ट साइज और कम कुल आकार इसे नए और कम अनुभवी राइडर्स के लिए भी ज्यादा आसान और सुलभ बनाता है।

BMW F 450 GS_-4

इस पैकेज का मुख्य आकर्षण एक नया 420 सीसी पैरेलल-ट्विन इंजन होगा, जिसमें 135 डिग्री का क्रैंकपिन ऑफसेट है। यह इंजन 48 एचपी की पावर और 43 एनएम का टॉर्क उत्पन्न करता है और इसमें स्टैंडर्ड के तौर पर स्लिपर और असिस्ट क्लच के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। इस बाइक में सेमी-ऑटोमैटिक क्लच सिस्टम का विकल्प मिलेगा। शिफ्ट असिस्टेंट प्रो जीएस ट्रॉफी वेरिएंट में स्टैंडर्ड होगा, जबकि निचले वेरिएंट्स में इसे ऑप्शनल रखा जाएगा।

इस मॉडल के लिए चेसिस खास तौर पर नया तैयार किया गया है। इसमें बिल्कुल नया ट्यूबलर स्टील फ्रेम दिया गया है और बाइक का वजन करीब 178 किलोग्राम होगा। सस्पेंशन की जिम्मेदारी KYB ने संभाली है, जिसमें आगे 43 मिमी के अपसाइड-डाउन फोर्क्स और पीछे मोनोशॉक सस्पेंशन मिलेगा। कुछ वेरिएंट्स में सस्पेंशन एडजस्टेबल भी होगा, जिससे राइड क्वालिटी को जरूरत के मुताबिक बदला जा सकेगा।

BMW F 450 GS

ब्रेकिंग के लिए इसमें आगे ब्रेम्बो का फ्रंट ब्रेक सेटअप दिया गया है, जबकि पीछे बायब्रे के ब्रेक कंपोनेंट्स मिलेंगे। बीएमडब्ल्यू एफ 450 जीएस को कंपनी चार वेरिएंट्स में पेश करेगी, जिनमें बेसिक, एक्सक्लूसिव, स्पोर्ट और जीएस ट्रॉफी शामिल हैं। हर वेरिएंट में एडवेंचर राइडिंग को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग अतिरिक्त फीचर्स दिए जाएंगे, जिनमें ऑफ-रोड फुटपेग्स, एल्युमिनियम बैश प्लेट, हैंड गार्ड्स, बेहतर सस्पेंशन पार्ट्स और खास रंग विकल्प शामिल होंगे।