BMW F 450 GS तीन वेरिएंट्स में उपलब्ध है और इसमें नया 420 सीसी का पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जो 47 bhp की पावर देता है
BMW Motorrad ने भारत में अपनी नई एडवेंचर बाइक BMW F 450 GS को लॉन्च कर दिया है। इसकी कीमत 4.70 लाख से 5.30 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच रखी गई है। यह तीन वेरिएंट्स Base, Exclusive और GS Trophy में उपलब्ध है। इसकी बुकिंग BMW Motorrad इंडिया डीलरशिप्स पर शुरू हो चुकी है और जून 2026 से डिलीवरी शुरू होने की उम्मीद है। यह ट्विन-सिलेंडर एडवेंचर बाइक तमिलनाडु के होसुर स्थित TVS Motor Company प्लांट में बनाई जाएगी, जबकि इसका डेवलपमेंट जर्मनी में हुआ है।
भारतीय बाजार में इसका मुकाबला रॉयल एनफील्ड Himalayan 450, KTM 390 Adventure और Kawasaki Ninja 500 से होगा। BMW F 450 GS को वेल्डेड ट्यूबलर स्टील फ्रेम पर बनाया गया है, जिसमें फोर्ज्ड पार्ट्स इंटीग्रेटेड हैं। इसमें ‘GS’ डिजाइन फिलॉसफी देखने को मिलती है, जिसमें X-शेप फुल LED हेडलाइट, फ्रंट बीक, स्प्लिट सीट, टेपर एल्यूमिनियम हैंडलबार और बॉडी-कलर्ड साइड पैनल जैसे एलिमेंट्स शामिल हैं। इसका फ्यूल टैंक 14 लीटर का है और सीट हाइट 845 मिमी रखी गई है।
Base और Exclusive वेरिएंट Cosmic Black कलर में आते हैं, जबकि GS Trophy वेरिएंट में Racing Blue Metallic कलर के साथ रेड और व्हाइट एक्सेंट्स मिलते हैं। GS Trophy में टैंक सेंटर कवर Snaefell White में दिया गया है, जबकि अन्य वेरिएंट्स में यह मैट ब्लैक फिनिश में मिलता है।

यह बाइक 19-इंच फ्रंट और 17-इंच रियर एल्यूमिनियम व्हील्स के साथ आती है, जिनमें ट्यूबलेस टायर्स लगे हैं। ब्रेकिंग के लिए फ्रंट में सिंगल डिस्क और रियर में भी सिंगल डिस्क दी गई है। सस्पेंशन में USD फ्रंट फोर्क्स और रियर में डबल-आर्म स्विंगआर्म के साथ प्रोग्रेसिव डैम्पिंग मिलता है।
फीचर्स की बात करें तो इसमें Easy Ride Clutch (ERC), Shift Assistant Pro, USB-C चार्जिंग, हीटेड ग्रिप्स और एडजस्टेबल हैंड लीवर्स जैसे फीचर्स दिए गए हैं। BMW F 450 GS में चार राइडिंग मोड्स मिलते हैं, जिनमें Rain, Road, Enduro और Enduro Pro शामिल हैं। Enduro Pro मोड खास ऑफ-रोडिंग के लिए है, जिसमें व्हीली कंट्रोल और रियर ABS बंद हो जाते हैं।

सेफ्टी के लिए इसमें ABS Pro, Dynamic Brake Control, Dynamic Traction Control और Engine Drag Torque Control जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा 6.5-इंच TFT डिस्प्ले मिलता है, जिसमें ‘Pure Ride Screen’ और ‘Sport Screen’ जैसे ऑप्शन दिए गए हैं। इस बाइक में नया 420cc का ट्विन-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो 8750 rpm पर 47 bhp की पावर और 6750 rpm पर 43 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसे 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। BMW Motorrad इस बाइक के साथ कई एक्सेसरीज भी ऑफर कर रहा है, जिनमें प्रोटेक्शन पार्ट्स, लगेज ऑप्शंस और नेविगेशन इक्विपमेंट शामिल हैं।