
बजाज ऑटो FY28 में अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल लॉन्च करेगी, साथ ही कंपनी बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटर का उत्पादन भी बढ़ाएगी
बजाज ऑटो ने पुष्टि की है कि उसकी पहली मास-मार्केट इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल भारत में FY28 (वित्त वर्ष 2027-28) तक लॉन्च की जाएगी। भारत में रॉयल एनफील्ड ने अपनी इलेक्ट्रिक बाइक लाइनअप पेश की है, जबकि हीरो मोटोकॉर्प और TVS जैसी कंपनियां भी अपनी इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलों पर काम कर रही हैं। इसके अलावा Ultraviolette Automotive, Revolt Motors, Oben Electric और Matter पहले से इस सेगमेंट में मौजूद हैं।
बजाज ऑटो के मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) दिनेश थापर ने कंपनी की पोस्ट-अर्निंग्स कॉल के दौरान कहा, “हमारी इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल पर तेजी से काम चल रहा है और अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो इसे FY28 तक लॉन्च कर दिया जाएगा। शुरुआत में इसे निर्यात (एक्सपोर्ट) बाजारों में उतारा जाएगा, इसके बाद इसे भारत में लॉन्च किया जाएगा।”
कंपनी आने वाले महीनों में 125-160cc सेगमेंट की मोटरसाइकिल रेंज को भी अपडेट करने की तैयारी कर रही है। बजाज ऑटो ने बताया कि वह अपने इलेक्ट्रिक व्हीकल पोर्टफोलियो का लगातार विस्तार कर रही है। इसमें इलेक्ट्रिक स्कूटर, इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर, ई-रिक्शा और भविष्य में इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल भी शामिल होगी। कंपनी के मुताबिक, दिल्ली EV पॉलिसी 2026 के तहत 1 अप्रैल 2028 से पेट्रोल और CNG दोपहिया वाहनों के नए रजिस्ट्रेशन पर रोक लगने वाली है, जिसे देखते हुए इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल लाना जरूरी हो गया है।

नई इलेक्ट्रिक स्कूटर और मोटरसाइकिल की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कंपनी अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता में करीब 20% की बढ़ोतरी भी कर रही है। इसमें पहले 10% क्षमता अगले 3-4 महीनों में बढ़ाई जाएगी, जबकि बाकी 10% विस्तार वित्त वर्ष के अंत या FY28 की पहली तिमाही तक पूरा कर लिया जाएगा।
बजाज के चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटर की बिक्री भी लगातार बढ़ रही है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में इसकी 1.30 लाख यूनिट बिकी हैं। बढ़ती मांग और लंबी वेटिंग पीरियड को देखते हुए कंपनी इसका मासिक उत्पादन 50,000 यूनिट से बढ़ाकर 60,000 यूनिट करने की तैयारी कर रही है।

दिनेश थापर ने कहा कि कंपनी बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए उत्पादन क्षमता को बढ़ा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि 125cc से ऊपर की मोटरसाइकिलों की मांग बाजार की तुलना में लगभग दोगुनी रफ्तार से बढ़ रही है। ऐसे में आने वाले महीनों में बजाज अपनी Pulsar 125-160cc रेंज के अपडेटेड मॉडल भी लॉन्च करेगी।