
बजाज ऑटो ने सितंबर में कुल मिलाकर 4,04,851 यूनिट दोपहिया वाहनों की बिक्री की, जो कि 2019 में इसी महीने में 3,36,730 यूनिट थी
मंदी और महामारी झेल चुके ऑटोमोबाइल सेक्टर को अब राहत मिलती हुई नजर आ रही है। बजाज ऑटो (Bajaj Auto) ने सितम्बर 2020 में बेचे गए अपने वाहनों की बिक्री के आकड़ों को जारी कर दिया है। कंपनी ने सितम्बर 2020 में 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है और इस दौरान कुल मिलाकर 4,41,306 यूनिट की बिक्री हासिल करने में सफलता हासिल की है।
इसके पहले इस पुणे बेस्ड वाहन निर्माता ने सितंबर 2019 में कुल 4,02,035 वाहन बेचे थे। बजाज ऑटो ने कहा है कि सितंबर 2020 में कुल बेचे गए 4,41,306 यूनिट मे से 4,04,851 यूनिट केवल दोपहिया वाहनों के थे, जो कि 2019 के इसी महीने में 3,36,730 यूनिट थी।
इस तरह पिछले साल की तुलना में इस साल सितंबर महीने में बजाज ऑटो की दोपहिया वाहनों की बिक्री में 20 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है। हालांकि कंपनी के कमर्शियल वाहनों की बिक्री में 44 प्रतिशत की गिरावट आई है और सितम्बर में केवल 36,455 यूनिट ही बेचे गए, जो कि सितंबर 2019 में कुल मिलाकर 65,305 यूनिट वाहन थे।

घरेलू बाजार की बात करें तो सितंबर 2020 में कंपनी के कुल 2,28,731 यूनिट की भारतीय बाजार में बिक्री हुई। जबकि, सितंबर 2019 में कंपनी ने 2,15,501 वाहनों की घरेलू बाजार में बिक्री की थी। यानी भारतीय बाजार में कंपनी के वाहनों की बिक्री में 6 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है।
निर्यात की बात करें तो सितंबर 2020 में कंपनी ने कुल 2,12,575 इकाईयों की भारत से बाहर बिक्री की। जबकि, सितंबर 2019 में कंपनी ने 1,86,534 वाहनों का निर्यात किया था। पिछले साल की तुलना में कंपनी ने 14 फीसदी ज्यादा वाहनों का निर्यात किया है।
कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले फेस्टिव सीजन में बिक्री में बढ़ोतरी होगी क्योंकि इस दौरान खरीददारी को लेकर ग्राहकों में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलता है। कंपनी ने फेस्टिव सीजन में अपनी बिक्री को बढाने के लिए अपनी बाइक के साथ कई नए कलर ऑप्शन भी पेश किए हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या आने वाले महीनें में यह वृद्धि बरकरार रहेगी।