बजाज पल्सर F250 मोटरसाइकिल 250 सीसी सिंगल-सिलेंडर एयर, ऑयल-कूल्ड इंजन द्वारा संचालित है, जो कि 24.5 पीएस की पावर और 21.5 न्यूटन मीटर का टॉर्क उत्पन्न करता है
बजाज पल्सर रेंज केवल बजाज ऑटो की ही नहीं बल्कि भारत की सबसे लोकप्रिय मोटरसाइकिल रेंज में से एक रही है और वास्तव में साल 2000 में लॉन्च होने वाली यह रेंज भारत में बजाज को नए सिरे से स्थापित करने में मदद की है। वर्तमान दौर में यह कंपनी पल्सर सीरीज के तहत 8 प्रमुख मोटरसाइकिलों की बिक्री करती है, जिसकी रेंज 125 सीसी लेकर 220 सीसी तक है।
बजाज ऑटो ने अब भारत में पल्सर सीरीज के 20 साल के सफर के पूरे होने के मौके को खास बनाने के लिए इस सीरीज के तहत नई मोटरसाइकिल की पेशकश की है, जो कि इस सीरीज के तहत आने वाले अब तक की सबसे शक्तिशाली मोटरसाइकिल है। दरअसल बजाज ऑटो ने भारत में अब बजाज पल्सर F250 और बजाज पल्सर N250 को लॉन्च किया है, जो कि निश्चित तौर पर 250 सीसी इंजन के साथ पल्सर सीरीज की अब तक की सबसे शक्तिशाली मोटरसाइकिल है।
बजाज पल्सर 250 के पहले इस सीरीज की सबसे बड़ी पेशकश पल्सर 220एफ थी, जो कि 220 सीसी इंजन के साथ आती है। बजाज पल्सर F250 को एक नए प्लेटफार्म पर विकसित किया गया है, जो कि भविष्य में आने वाली अन्य मोटरसाइकिलों के लिए भी इस्तेमाल किया जाएगा। नई पल्सर F250 की कीमत 1.40 लाख रूपए (एक्स-शोरूम, नई दिल्ली) तय की गई है।
नई बजाज पल्सर F250 पल्सर रेंज में अपने छोटे भाई 220एफ के ऊपर स्थित है और इसमें एक समान सेमी-फेयर्ड डिज़ाइन है। हालांकि इसका डिजाइन अपने छोटे भाई की तुलना में ज्यादा बेहतर है। बजाज पल्सर F250 में आकर्षक फ्रंट फेसिया है और शॉर्प एलईडी प्रोजेक्टर हेडलाइट्स और इंटीग्रेटेड एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइट्स के साथ आती है और यह लंबी विंडस्क्रीन के साथ एक मजबूत उपस्थिति देता है।
बाइक में सवारों के आराम के लिए सीधा क्लिप-ऑन हैंडलबार सेटअप, नए एलईडी टर्न इंटीकेटर, स्प्लिट सीट, आक्रामक दिखने वाला फ्यूल टैंक, ऊपर की ओर स्थित साइड-माउंटेड एग्जॉस्ट और ब्लैक फिनिश अलॉय व्हील्स है। बजाज पल्सर F250 के अन्य हाइलाइट्स में ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के साथ नए डिजिटल इंस्ट्रूमेंटेशन, रिडिजाइन किए गए इंजन काउल, रियर-सेट फुटपेग, रिवाइज्ड एलईडी टेललाइट, टायर हगर आदि हैं।
मैकेनेकिकल विभाग की बात करें तो बजाज पल्सर F250 में सस्पेंशन के लिए फ्रंट में टेलीस्कोपिक फ्रंट फोर्क और रियर में मोनोशॉक है। मोटरसाइकिल को कंट्रोल करने के लिए फ्रंट और रियर में डिस्क ब्रेक दिए गए हैं, जो कि डुअल-चैनल ABS सिस्टम के साथ आता है। इस बाइक में असिस्ट/स्लिपर क्लच के साथ-साथ फ्रंट में 100/80 के साथ 17-इंच के अलॉय व्हील और रियर में 130/70 सेक्शन टायर्स दिए गए हैं। 250एफ का व्हीलबेस 1,351 मिमी, सीट की ऊंचाई 795 मिमी और ग्राउंड क्लीयरेंस 165 मिमी है। इसका कुल वजन 164 किलो और फ्यूल टैंक की क्षमता 14 लीटर है।
बजाज पल्सर F250 को पावर देने के लिए बिल्कुल नया 250 सीसी सिंगल-सिलेंडर एयर और ऑयल-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो कि 24.5 पीएस की पावर और 21.5 न्यूटन मीटर का टॉर्क उत्पन्न करता है। इसे छह-स्पीड ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है। कंपनी का दावा है कि डीटीएस-आई तकनीक बेहतर प्रदर्शन विशेषताओं के साथ इस बाइक के माइलेज को बढ़ाने में मदद करती है।




