सितंबर 2021 में बजाज प्लेटिना की बिक्री में दर्ज हुई 49 फीसदी की वृद्धि

सितंबर 2021 में बजाज प्लेटिना की 82,559 यूनिट की बिक्री हुई है, जो कि सालाना आधार पर 49 फीसदी की वृद्धि है

पिछला महीना भारतीय मोटरसाइकिल उद्योग के लिए कम बिक्री वाला महीना रहा और लगभग सभी प्रमुख वाहन निर्माताओं ने अपनी बिक्री में गिरावट दर्ज की है, जिसमें बजाज ऑटो भी शामिल रही। बजाज ऑटो ने सितंबर 2021 में भारतीय बाजार में कुल मिलाकर 1,73,945 यूनिट दोपहिया वाहनों की बिक्री की है, जो कि पिछले साल के इसी महीने यानि सितंबर 2020 में बेची गई 2,19,500 यूनिट के मुकाबले करीब 20 फीसदी की गिरावट रही।

यहाँ तक की बजाज ऑटो की सबसे प्रमुख पल्सर रेंज ने भी अपनी बिक्री में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की है। दरअसल कंपनी ने सितंबर 2021 में घरेलू बाजार में पल्सर रेंज की कुल मिलाकर 52,974 यूनिट की बिक्री की है, जो कि सितंबर 2020 में 1,02,698 यूनिट थी। इस तरह पल्सर रेंज की बिक्री में सालाना आधार पर करीब 48.42 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है।

हालांकि बजाज प्लेटिना ने इस बीच अपनी बिक्री में शानदार वृद्धि दर्ज की है और खरीददारों के एक बड़े वर्ग का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। दरअसल बजाज ऑटो ने सितंबर 2021 में प्लेटिना रेंज की कुल मिलाकर 82,559 यूनिट की बिक्री की है, जो कि सितंबर 2020 में बेची गई 55,496 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 49 फीसदी की भारी वृद्धि है।2021 Bajaj Platina 110 ABSइस तरह स्पष्ट है कि प्लेटिना की बिक्री शानदार रही और यह लोगों का ध्यान आकर्षित करने में सफल रही। प्लेटिना की बिक्री बढने का कारण इसका किफायती नेचर, कम कीमत और दमदार प्रदर्शन होना भी है। वास्तव में इन दिनों लोगों को डीजल पेट्रोल की लगातार बढ़ रही कीमतों ने परेशान कर रखा है और संभव है इसलिए लोगों ने ज्यादा माइलेज देने वाली प्लेटिना की ओर अपना झुकाव दिखाया है।

बता दें कि बजाज ऑटो प्लेटिना रेंज के तहत 100 सीसी और 110 सीसी रेंज में मोटरसाइकिलों की बिक्री करती है, जहाँ 100 सीसी वाले वेरिएंट की कीमत किक स्टार्ट वेरिएंट के लिए 52,915 रूपए है, वहीं इलेक्ट्रिक स्टार्ट के लिए 58,042 रूपए है। इसी तरह 110 सीसी वाले वेरिएंट की कीमत इलेक्ट्रिक स्टार्ट ड्रम वेरिएंट के लिए 62,598 रूपए है, तो वहीं इलेक्ट्रिक स्टार्ट डिस्क वेरिएंट के लिए 67,904 रूपए (सभी कीमतें, एक्स-शोरूम, दिल्ली) है।

Bajaj platina kick start-2बजाज प्लेटिना 100 बाइक 102 सीसी, 4-स्ट्रोक, DTS-i, सिंगल सिलेंडर इंजन द्वारा संचालित है, जो कि 7.9 पीएस की पावर और 8.3 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है। यह इंजन 4-स्पीड गियरबॉक्स से जुड़ा है। वहीं प्लेटिना 110 बाइक 115.45 सीसी,DTS-i, 4-स्ट्रोक, 1-सिलेंडर इंजन द्वारा संचालित है, जो कि लगभग 8.4 पीएस की पावर और 9.81 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है। यह इंजन 5-स्पीड गियरबॉक्स से जुड़ा है।