बजाज सीटी 100 को पावर देने के लिए 102 सीसी सिंगल सिलेंडर एयर कूल्ड इंजन मिला है, जो कि 7.9 पीएस की पावर और 8.34 न्यूटन मीटर का टॉर्क उत्पन करता है
बजाज ऑटो देश की सबसे बड़ी दोपहिया निर्माता कंपनियों में से एक है और आज इसके घरेलू लाइनअप में शामिल सीटी 100, प्लेटिना, पल्सर और डोमिनार रेंज की मोटरसाइकिलें किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। कंपनी वर्तमान में 100 सीसी से लेकर 400 सीसी की रेंज में मोटरसाइकिलों की एक बड़ी सीरीज की बिक्री करती है। कंपनी के पोर्टफोलियो में सीटी रेंज एक लोकप्रिय कम्यूटर मोटरसाइकिल है, जिसे 100 सीसी और 110 सीसी की रेंज में बेचा जाता है।
हालांकि यहाँ बजाज सीटी 100 की बात हो रही है। बजाज सीटी 100 बजाज ऑटो के पोर्टफोलियो में आधुनिक तकनीक के साथ मौजूद आकर्षक मोटरसाइकिल है और कंपनी के लिए सबसे ज्यादा बिकने वाली मोटरसाइकिलों मे से भी एक है। इस मोटरसाइकिल को इसकी कम कीमत और ज्यादा माइलेज के लिए जाना जाता है।
बजाज सीटी 100 का लॉन्च
बजाज सीटी 100 मूलरूप से साल 1997 में लॉन्च होने वाली बजाज बॉक्सर की उत्तराधिकारी है। कंपनी ने सीटी 100 को साल 2001 में लॉन्च किया था, लेकिन साल 2006 में इसे बंद कर दिया था। हालांकि बजाज ने इसके प्रोडक्शन को 2015 में फिर शुरू किया और वर्तमान में यह मोटरसाइकिल भारत में 1 अप्रैल साल 2020 से लागू हुए बीएस6 मानकों को पूरा करती है।

बजाज सीटी 100 की कीमत
बजाज सीटी 100 को भारत में किक स्टार्ट अलॉय और इलेक्ट्रिक स्टार्ट अलॉय के साथ दो वेरिएंट में बेचा जाता है, जिसकी कीमत क्रमशः 49,056 रुपए और 53,376 रुपए (एक्स-शोरूम गुरुग्राम ) रूपए है।
बजाज सीटी 100 का इंजन, पावर और परफॉरमेंस
बजाज सीटी 100 में पावर देने के लिए 102 सीसी सिंगल सिलेंडर एयर कूल्ड इंजन का इस्तेमाल किया गया है, जो कि 7.9 पीएस की पावर और 8.34 न्यूटन मीटर का टॉर्क उत्पन करता है। यह इंजन 4-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ जुड़ा है। कंपनी का दावा है कि इस मोटरसाइकिल का माइलेज 90 किमी प्रति लीटर का है, जो कि सेगमेंट की सबसे किफायती मोटरसाइकिलों में से एक है।

बजाज सीटी 100 का आकार
आकार की बात करें तो सीटी 100 बाइक 1,945 मिमी लंबी, 752 मिमी चौड़ी और 1,072 मिमी ऊंची है। मोटरसाइकिल का व्हीलबेस 1,235 मिमी, सीट हाइट 678 मिमी और इसका ग्राउंड क्लियरेंस 170 मिमी का है। मोटरसाइकिल का कुल वजन 114 किलो है, जबकि इसका फ्य़ूल टैंक 10.5 लीटर का है।
बजाज सीटी 100 का डिजाइन, एर्गोनामिक्स और स्विचगियर
बजाज सीटी 100 कंपनी के पोर्टफोलियो में मौजूद आधुनिक तकनीक के साथ आकर्षक मोटरसाइकिल है। लॉन्च के बाद से ही इस मोटरसाइकिल में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि मौजूदा दौर में बजाज ऑटो ने सीटी 100 में नए ग्राफिक्स को जोड़कर आकर्षक लुक देने की कोशिश की है। इसका डिजाइन काफी हद तक बजाज प्लेटिना से भी मिलता जुलता है।

रियर में मोटरसाइकिल को स्प्रिंग-इन-स्प्रिंग सस्पेंशन और फ्रंट में हाइड्रोलिक टेलिस्कोपिक फोर्क्स दिय़ा गया है, जबकि टॉप वेरिएंट में एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर जैसी सुविधाएं फ्यूल गेज के साथ भी मिलती हैं। इसमें रबर टैंक पैड, क्रॉसट्यूब हैंडलबार, अपग्रेड सीट कुशन और बड़ा ग्रैब रेल भी मिलता है। इसके अलावा मोटरसाइकिल को क्लियर-लेंस इंडिकेटर्स से भी लैस किया गया है।
बजाज सीटी 100 के ब्रेक, टायर और सस्पेंशन
बजाज सीटी 100 को 17 इंच के अलॉय व्हील मिलते हैं, जिसके फ्रंट में 130 मिमी का ड्रम ब्रेक और रियर में 110 मिमी का ड्रम ब्रेक दिया गया है। यह मोटरसाइकिल अपने ज्यादा माइलेज और लो-मेंटनेंस के लिए जानी जाती है। खरीददारों के लिए यह मोटरसाइकिल इबॉनी ब्लैक ब्लू डेकेल, इबॉनी ब्लैक रेड डेकेल और फ्रेम रेड के साथ तीन कलर ऑप्शन में उपलब्ध है।

बजाज सीटी 100 के प्रतिद्वंदी
वर्तमान में बजाज सीटी 100 का मुकाबला टीवीएस स्पोर्ट, हीरो एचएफ डीलक्स, हीरो स्पलेंडर प्लस और बजाज प्लेटिना 100 जैसी मोटरसाइकिलों से है।