
बजाज चेतक के लिए फिर से बुकिंग जल्द शुरू होने की उम्मीद नहीं है, क्योंकि देश में चल रहे हेल्थ क्राइसिस और चीन सीमा पर तनाव के कारण पार्ट्स की आपूर्ति बाधित हो रही है
बजाज चेतक (Bajaj Chetak) इलेक्ट्रिक स्कूटर का लॉन्च कंपनी का एक महत्वपूर्ण रणनीतिक कदम था और इससे कंपनी को काफी उम्मीदें थी, लेकिन देश में चल रहे हेल्थ क्राइसिस के कारण वह संभव नहीं हो पाया जिसकी कंपनी को उम्मीद थी। कंपनी ने जनवरी में बजाज चेतक की बुकिंग की शुरुआत पुणे और बैंगलोर से की थी।
बजाज ऑटो (Bajaj Auto) की योजना अन्य शहरों में विस्तार की भी थी, लेकिन आपूर्ति और प्रोडक्शन में अड़चन आने के कारण इसे बंद करना पड़ा। जून में कंपनी ने अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने के बाद चेतक के लिए बुकिंग को फिर से शुरू किया था, लेकिन सितम्बर में फिर से इसे बंद कर दिया गया है।
कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, चेतक के लिए बुकिंग बंद है और हमें उम्मीद नहीं है कि जल्द ही इसे फिर से शुरू किया जाएगा। हालांकि बजाज संभावित ग्राहकों को आधिकारिक चेतक वेबसाइट में एक फॉर्म के माध्यम से अपनी रुचि दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित कर रही है ताकि बुकिंग शुरू होने पर उन्हें अपडेट किया जा सके।

दरअसल कंपनी के सामने आई सबसे बड़ी समस्या प्रोडक्शन के लिए पार्ट्स की आपूर्ति में कमी होना है। कंपनी चेतक के लिए कई महत्वपूर्ण पार्ट चीन से आयत करती है, लेकिन पड़ोसी देश के साथ साथ भारत में हेल्थ क्राइसिस के कारण दोनों देशों पर बुरा असर पड़ा है। इसके अलावा बार्डर पर चल रहे तनाव ने भी इसमें बाधा डाली है।
ऐसे में अगर आगे भी यह स्थिति बनी रही तब कंपनी के लिए मौजूदा बुकिंग की डिलीवरी को पूरा करना मुश्किल होगा और अस्थायी रूप से अपने विस्तार की योजनाओं को स्थगित करना होगा। इसके अलावा भारत में अन्य ईवी निर्माता भी इसी तरह की चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, जो भविष्य में उनके वाहनों के उत्पादन के लिए बाधा बन सकता है।

बजाज चेतक की तरह, Husqvarna इलेक्ट्रिक स्कूटर को इस तरह की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। बता दें कि बजाज की यूरोपीय सहायक केटीएम का एक हिस्सा हुस्कवर्ना भी एक प्लेटफॉर्म पर बेस्ड एक नए Husqvarna E-01 इलेक्ट्रिक स्कूटर पर काम कर रहा है। बजाज चेतक 3.8 kW की मोटर से संचालित होता है, जो 2.89 kWh की लिथियम-आयन बैटरी पैक के साथ है और इसकी रेंज 95 किमी है। फ़ीचर में इसे एलईडी हेडलाइट, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल, एलॉय व्हील, फ्रंट डिस्क ब्रेक और स्मार्टफोन कनेक्टिविटी मिलते हैं।