बजाज ऑटो के पास इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों को लेकर कई योजनाएं हैं और कंपनी इसके लिए अगले 5 सालों में 300 करोड़ रूपए का निवेश करेगी
बजाज ऑटो ने साल 2020 में भारत में अपने पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर चेतक को लॉन्च किया था। इसे देश में अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। हालाँकि कंपनी यहीं नहीं रूकना चाहती है, बल्कि देश में इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर बन रही संभावनाओं को देखते हुए इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन सेगमेंट के विस्तार की योजना पर भी कार्य कर रही है।
हाल ही में बजाज ऑटो ने इसके लिए 300 करोड़ रुपये के निवेश की पुष्टि की है, जिसके तहत हर साल पाँच लाख इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन किया जाएगा। इसे लेकर बजाज ऑटो के प्रबंध निदेशक राजीव बजाज ने हाल ही में अपने एक साक्षात्कार में कहा है कि देर होने की तुलना में गलत होना सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि बजाज वित्त वर्ष 2022-23 में केवल 8,000 यूनिट की तुलना में 50,000 इलेक्ट्रिक वाहनों को रोल आउट करने का प्रयास करेगी। बजाज ने कहा कि उनका ब्रांड अगले तीन से पाँच सालों के लिए एक नया ‘चेतक’ लॉन्च करेगी। अगले वित्त वर्ष से बजाज चेतक इलेक्ट्रिक स्कूटर के निर्माण पर ध्यान केंद्रित करेगी।
पुणे के अकुर्दी ईवी प्लांट में हर साल 2,50,000 ईवी को रोल आउट करने के उद्देश्य से वाहन असेंबली के लिए जून 2022 तक चालू हो जाएगी। जैसा कि ऊपर बताया गया है कि इसे पाँच लाख यूनिट तक विस्तारित किया जाएगा, लेकिन आगे की रणनिति पर तभी कार्य होगा, जबकि बाजार में इलेक्ट्रिक स्कूटरों की मांग बनी रहती है।
राजीव बजाज ने स्वीकार किया कि चेतक उनकी कंपनी द्वारा बनाए गए “टू-व्हीलर ईवी के लिए मदर ब्रांड” होगा और आने वाले महीनों में इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर्स का निर्माण किया जाएगा। ऐसा प्रतीत होता है कि बजाज विभिन्न मूल्य वर्ग और बॉडी टाइप में इलेक्ट्रिक स्कूटरों की एक सीरीज पर काम कर रही है। हालाँकि क्या चेतक नाम का इस्तेमाल स्टैंडअलोन सब-ब्रांड के लिए भी किया जाएगा या नहीं, यह अभी तक अज्ञात है।
बता दें कि भारत में इलेक्ट्रिक वाहन सेगमेंट अभी अपने प्राथमिक चरण में है, लेकिन आने वाले समय में इसमें निश्चित तौर पर विस्तार होगा। बजाज ऑटो के अलावा देश में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में हीरो मोटोकॉर्प, सुजुकी, यामाहा और टीवीएस जैसे ब्रांड भी अपने वाहनों को लॉन्च करेंगी। इसलिए समय के साथ इस सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा भी तेज होगी।