
Ather का नया इलेक्ट्रिक स्कूटर नए EL प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है और लॉन्च के बाद यह TVS iQube, बजाज चेतक और ओला S1 जैसे इलेक्ट्रिक स्कूटर्स से मुकाबला करेगा
Ather Energy भारत में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर 29 अगस्त 2026 को लॉन्च करेगी। इसकी जानकारी कंपनी के सह-संस्थापक और CEO Tarun Mehta ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दी है। उन्होंने प्रोडक्शन लाइन पर तैयार हो रहे नए स्कूटर की एक तस्वीर भी साझा की है, जिससे इसकी लॉन्च की पुष्टि हो गई है।
Ather Energy 29 अगस्त को बेंगलुरु में अपना Ather Community Day आयोजित करेगी। इस साल कार्यक्रम की थीम “A New Dawn of Magic” रखी गई है और इसी इवेंट में EL01 पहली बार आम लोगों के सामने पेश किया जाएगा।तरुण मेहता ने X पर लिखा कि कंपनी कई वर्षों से एक बेहतर स्कूटर बनाने के लिए नई तकनीक और प्लेटफॉर्म पर लगातार काम कर रही है। अब उसी मेहनत का नतीजा नए मास-मार्केट इलेक्ट्रिक स्कूटर के रूप में सामने आएगा।
Ather ने 2025 के Community Day में अपने नए EL प्लेटफॉर्म और EL01 के प्रोटोटाइप को पहली बार दिखाया था। कंपनी के अनुसार, इसी प्लेटफॉर्म पर आने वाले समय में कई नए मॉडल तैयार किए जाएंगे। इनमें फैमिली स्कूटर, मैक्सी-स्कूटर और हाई-परफॉर्मेंस स्कूटर शामिल होंगे।

कुछ महीने पहले Ather Energy के चीफ बिजनेस ऑफिसर Ravneet Singh Phokela ने बताया था कि EL01 की कीमत 1 लाख रुपये से कम नहीं होगी। हालांकि, इसकी कीमत कंपनी के मौजूदा Rizta और 450 सीरीज के मुकाबले कम रखी जाएगी। दिसंबर 2025 में कंपनी ने EL01 के डिजाइन का पेटेंट भी फाइल किया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Ather EL01 में 14 इंच का फ्रंट और 12 इंच का रियर अलॉय व्हील मिल सकता है। इसमें स्विंगआर्म-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर, बड़ी LED DRL, LED टेल लाइट, एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम (AEBS) और Ather Charge Drive Controller नाम का ऑनबोर्ड चार्जर दिया जा सकता है।

नया EL01 कंपनी के AtherStack 7.0 सॉफ्टवेयर पर चलेगा और इसमें वॉयस कमांड स्टैंडर्ड फीचर के तौर पर मिलेगा। डिजाइन पेटेंट से संकेत मिले हैं कि इसमें 7-इंच का TFT इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले भी दिया जा सकता है। दिलचस्प बात यह है कि Ather का नया EL प्लेटफॉर्म 2 kWh से 5 kWh तक के बैटरी पैक को सपोर्ट करने के लिए तैयार किया गया है। आने वाले इस इलेक्ट्रिक स्कूटर में स्विंगआर्म-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर मिलने की उम्मीद है। वहीं, टेस्टिंग के दौरान दिखे प्रोटोटाइप में टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क और सिंगल रियर शॉक एब्जॉर्बर देखने को मिला है।