
Ather ने नया 900W चार्जर भी पेश किया है, जिससे 450 सीरीज के स्कूटर्स का चार्जिंग समय करीब 30 फीसदी तक कम हो गया है
Ather Energy ने भारतीय बाजार में 450X Overtones इलेक्ट्रिक स्कूटर रेंज लॉन्च कर दी है। यह नया मॉडल Still White, Space Grey और Lunar Grey जैसे नए रंगों में उपलब्ध है। हालांकि इसका डिजाइन पहले जैसा ही रखा गया है, लेकिन नए पैटर्न और फिनिश इसे ज्यादा प्रीमियम लुक देते हैं। कंपनी का कहना है कि इसका डिज़ाइन ‘Under-the-Skin Performance’ फ़िलॉसफ़ी पर आधारित है। इसके साथ नया 900W चार्जर भी दिया गया है, जो पहले के मुकाबले चार्जिंग समय को करीब 30 प्रतिशत तक कम कर देता है।
Ather 450X Overtones में कंपनी ने पहले से मिलने वाले AutoHold, Magic Twist, Multi Mode Traction Control और Infinite Cruise जैसे फीचर्स को बरकरार रखा है। Infinite Cruise फीचर हाईवे और खुली सड़कों पर बिना बार-बार एक्सेलरेटर दबाए आरामदायक राइडिंग में मदद करता है, जबकि खराब रास्तों और पहाड़ी इलाकों में भी बेहतर कंट्रोल देता है।
यह नया स्कूटर Atherstack 7 सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जिसे कंपनी ने अपने 2025 Annual Community Day में पेश किया था। इसके जरिए स्कूटर में Voice on Ather फीचर मिलता है, जिससे राइडर केवल वॉयस कमांड के जरिए नेविगेशन शुरू कर सकता है, नजदीकी चार्जिंग स्टेशन खोज सकता है और डिस्प्ले की ब्राइटनेस जैसी कई सेटिंग्स को कंट्रोल कर सकता है।

Ather ने इसके साथ Halo Smart Helmet भी पेश किया है। यह हेलमेट राइडर के स्मार्टफोन, स्कूटर के डैशबोर्ड और हेलमेट को आपस में कनेक्ट करता है, जिससे बिना ईयरफोन लगाए ऑडियो का अनुभव मिलता है। Halo Smart Helmet, Ather 450X Overtones के साथ पूरी तरह से काम करता है।
Atherstack 7 के साथ कंपनी ने कई नए सेफ्टी फीचर्स भी जोड़े हैं। इनमें CrashAlert शामिल है, जो दुर्घटना होने पर अपने आप राइडर के इमरजेंसी कॉन्टैक्ट्स को मैसेज भेज देता है। वहीं ParkSafe फीचर Ather ऐप के जरिए चोरी या टोइंग की आशंका वाले इलाकों में पार्किंग से पहले चेतावनी देता है। इसके अलावा LockSafe फीचर की मदद से राइडर ऐप के जरिए स्कूटर की मोटर को पूरी तरह लॉक कर सकता है, जिससे चोरी का खतरा कम हो जाता है।

आने वाले महीनों में Ather भारतीय बाजार में अपना नया EL01 इलेक्ट्रिक स्कूटर भी लॉन्च करेगी। यह कंपनी का किफायती फैमिली इलेक्ट्रिक स्कूटर होगा, जिसमें पहली बार एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम (AEBS) दिया जाएगा। हाल ही में कंपनी ने इसके डिजाइन का पेटेंट भी फाइल किया है। नए स्कूटर में स्विंगआर्म-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर मिलने की उम्मीद है।