
Ampere Reo VYB एक एंट्री-लेवल फैमिली इलेक्ट्रिक स्कूटर है, जिसमें LFP बैटरी दी गई है और इसकी टॉप स्पीड 25 किमी/घंटा है
Ampere ने भारतीय बाजार में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर Reo VYB लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 69,499 रुपये रखी गई है। कंपनी इसे एंट्री-लेवल फैमिली इलेक्ट्रिक स्कूटर के रूप में पेश कर रही है। इसके साथ 3 साल या 30,000 किमी की वारंटी स्टैंडर्ड तौर पर दी जा रही है। ग्राहकों को देशभर में 400 से अधिक सर्विस टचपॉइंट्स और 24×7 ग्राहक सहायता का लाभ भी मिलेगा। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Hero Vida VX2 और TVS Orbiter V1 जैसे मॉडलों से होगा।
Ampere Reo VYB को चार रंगों Warm White, Pastel Purple, Dark Grey और Aqua Metallic में पेश किया गया है। फीचर्स की बात करें तो इसमें 24 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज, कलर LCD डिजिटल डिस्प्ले, प्रीमियम की-फॉब के साथ कीलेस स्टार्ट, फ्रंट डिस्क ब्रेक, LED हेडलाइट और LED टेललाइट जैसे फीचर्स मिलते हैं।
यह इलेक्ट्रिक स्कूटर Lithium Ferro Phosphate (LFP) बैटरी पैक से लैस है। कंपनी का दावा है कि यह एक बार फुल चार्ज होने पर 80 किमी की वास्तविक राइडिंग रेंज प्रदान करता है। इसमें हब-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है और इसकी अधिकतम स्पीड 25 किमी/घंटा है। Ampere का कहना है कि इसकी LFP बैटरी की लाइफ 1 लाख किमी तक हो सकती है।

Reo VYB में शहरों की संकरी सड़कों पर आरामदायक सफर के लिए टेलीस्कोपिक फ्रंट सस्पेंशन और रियर शॉक एब्जॉर्बर दिया गया है। इसके अलावा राइडर फुटरेस्ट भी स्टैंडर्ड एक्सेसरी के रूप में मिलता है। कंपनी का कहना है कि Reo VYB को रोजमर्रा के छोटे सफर और शहर में आने-जाने की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
लॉन्च के मौके पर Greaves Electric Mobility के मैनेजिंग डायरेक्टर विकास सिंह ने कहा कि “भारत में टिकाऊ और भरोसेमंद मोबिलिटी समाधानों की मांग लगातार बढ़ रही है। टियर-2 और टियर-3 शहरों में EV अपनाने की रफ्तार बढ़ने के साथ Reo VYB ग्राहकों के लिए एक व्यावहारिक विकल्प साबित होगा।”

इसके अलावा, करीब दो महीने पहले Ampere ने Magnus Neo इलेक्ट्रिक स्कूटर भी लॉन्च किया था। इसकी कीमत 86,999 रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई थी। इसमें 2.3 kWh का LFP बैटरी पैक मिलता है, जो फुल चार्ज पर 118 किमी की IDC रेंज देने का दावा करता है। Magnus Neo की टॉप स्पीड 65 किमी/घंटा है और इसकी बैटरी को 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज होने में लगभग 5 घंटे का समय लगता है।