Magnus G Max में इको मोड में 100+ किलोमीटर की रेंज, 33 लीटर का अंडर सीट स्टोरेज स्पेस और 5 साल की वारंटी वाली एलएफपी बैटरी मिलती है
Greaves Electric Mobility के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर ब्रांड Ampere ने अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर Ampere Magnus G Max लॉन्च कर दिया है। यह स्कूटर खास तौर पर भारतीय परिवारों की रोज़मर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। Ampere ने आठ India Book of Records खिताब अपने नाम किए हैं और अब Magnus G Max के जरिए कंपनी एक लाख रुपये से कम कीमत में इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने वालों को नया विकल्प दे रही है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 94,999 रुपये रखी गई है।
Ampere Magnus G Max को ऐसा डिजाइन किया गया है कि यह रोज़ाना के सफर को आसान और आरामदायक बना सके। यह स्कूटर इको मोड में 100 किलोमीटर से ज्यादा की रियल-वर्ल्ड रेंज देता है, जो शहर में आने-जाने के लिए काफी मानी जाती है। इसमें 3 kWh की Lithium Ferro Phosphate (LFP) बैटरी दी गई है और खास बात यह है कि बैटरी पर कंपनी 5 साल या 75,000 किलोमीटर की वारंटी दे रही है।
Magnus G Max की चार्जिंग भी आसान है। यह स्कूटर 20 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक करीब 4.5 घंटे में चार्ज हो जाता है। इसमें 33 लीटर का बड़ा अंडर-सीट स्टोरेज स्पेस दिया गया है, जो इस सेगमेंट में सबसे बड़े स्टोरेज में से एक है। इससे घर के रोज़मर्रा के सामान को ले जाना काफी सुविधाजनक हो जाता है।

परफॉर्मेंस की बात करें तो Magnus G Max में हब-माउंटेड मोटर दी गई है, जो 1.5 kW की नॉमिनल और 2.4 kW की पीक पावर जनरेट करती है। इसमें Eco, City और Reverse जैसे राइडिंग मोड मिलते हैं। स्कूटर की टॉप स्पीड 65 किमी प्रति घंटा है। 165 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस, ड्यूल फ्रेम चेसिस और मजबूत सस्पेंशन इसे भारतीय सड़कों के लिए उपयुक्त बनाते हैं।
फीचर्स की बात करें तो इसमें 3.5-इंच का LCD डिजिटल डिस्प्ले, USB चार्जिंग पोर्ट, LED हेडलैंप और इंडिकेटर्स दिए गए हैं। कनेक्टेड फीचर्स को TCU के जरिए ऑप्शनल तौर पर जोड़ा जा सकता है। यह स्कूटर Monsoon Blue, Matcha Green और Cinnamon Copper जैसे आकर्षक ड्यूल-टोन रंगों में उपलब्ध है।
Greaves Electric Mobility के मैनेजिंग डायरेक्टर विकास सिंह के मुताबिक, “Magnus G Max को भारतीय परिवारों के रोज़ाना इस्तेमाल को ध्यान में रखकर डिजाइन और टेस्ट किया गया है। कुल मिलाकर, Ampere Magnus G Max उन ग्राहकों के लिए एक व्यावहारिक, सुरक्षित और भरोसेमंद इलेक्ट्रिक स्कूटर है, जो बिना समझौता किए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी अपनाना चाहते हैं।”