अक्टूबर 2022 में महिंद्रा ट्रैक्टरों की हुई ताबड़तोड़ बिक्री, आंकड़ा 50,000 यूनिट के पार

Mahindra-Tractors.jpg

महिंद्रा ने अक्टूबर 2022 में भारतीय बाज़ार में कुल 50,539 ट्रैक्टरों की बिक्री की है, जो कि अक्टूबर 2021 में बेचे गए 45,420 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 11 प्रतिशत की वृद्धि है

महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के फार्म इक्विपमेंट सेक्टर (एफईएस) ने अक्टूबर 2022 के दौरान बेचे गए अपने ट्रैक्टर्स की बिक्री संख्या की घोषणा कर दी है। कंपनी ने अपनी बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है और नया रिकार्ड दर्ज किया है। महिंद्रा ने अक्टूबर 2022 में भारत में कुल मिलाकर 50,539 ट्रैक्टरों की बिक्री की है।

इसके मुकाबले अक्टूबर 2021 के दौरान यह आंकड़ा 45,420 यूनिट का था, जो कि सालाना आधार पर 11 प्रतिशत की वृद्धि है। वहीं निर्यात की बात करें तो पिछले महीने 1,455 यूनिट को विदेशी बाजारों में भेजा गया है, जबकि अक्टूबर 2021 में यह आंकड़ा 1,597 यूनिट का था। इस तरह कंपनी ने निर्यात में सालाना आधार पर 9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की है।

इस तरह अक्टूबर 2022 में महिंद्रा ने घरेलू और निर्यात मिलाकर कुल 51,994 यूनिट की बिक्री की है, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 47,017 यूनिट का था। इस बिक्री के साथ कंपनी ने अपने ट्रैक्टर की बिक्री में सालाना आधार पर 11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है, जो उल्लेखनीय है।

Mahindra 585 Di XPplus tractor-3बिक्री के आकड़ों पर बात करते हुए महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के फार्म इक्वीपमेंट सेक्टर के प्रेसिडेंट हेमंत सिक्का ने कहा कि हमने अक्टूबर 2022 के दौरान घरेलू बाजार में 50,539 ट्रैक्टर बेचे हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में 11 प्रतिशत ज्यादा है। फेस्टिव सीजन ने हमारे उत्साह को ऊंचा रखा है और ट्रैक्टर और कृषि मशीनरी की माँग में बहुत तेज गति आई है।

उन्होंने कहा कि प्रमुख रबी फसलों के लिए उच्च एमएसपी की हाल की सरकार की घोषणा, मिट्टी में अच्छी नमी, उच्च जलाशय स्तर और रबी फसलों की बुवाई में अच्छी प्रगति आने वाले महीनों में ट्रैक्टरों की निरंतर अच्छी मांग के लिए सकारात्मक हैं, जबकि हमने निर्यात बाजार में भी 1,455 ट्रैक्टर को भेजा है।

Mahindra Tractors-3बता दें कि महिंद्रा समूह की स्थापना साल 1945 में हुई थी और वर्तमान में इसकी मौजूदगी 100 से अधिक देशों में है, जहाँ 2,60,000 कर्मचारी कार्य करते हैं। महिंद्रा भारत में कृषि उपकरण, यूटीलिटी वाहन, इन्फार्मेशन टेक्नोलॉजी और वित्तीय सेवाओं में अग्रणी है और बिक्री के हिसाब से दुनिया की सबसे बड़ी ट्रैक्टर कंपनी में से एक है। कंपनी की अक्षय ऊर्जा, कृषि, रसद, होटल्स और अचल संपत्ति सेक्टर में भी मजबूत उपस्थिति है। महिंद्रा की ट्रेक्टर रेंज में जीवो, XP प्लस, SP प्लस, युवो, नोवो शामिल हैं।