
यहाँ हमने उन 8 मिडसाइज़ SUVs के बारे में जानकारी दी है जो अगले एक साल में भारत में लॉन्च होने वाली हैं
मिडसाइज़ SUV सेगमेंट में अगले 1 साल के अंदर कई नई गाड़ियाँ लॉन्च होने वाली हैं। मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, महिंद्रा, टोयोटा, रेनो और निसान जैसी बड़ी कंपनियाँ अपनी नई SUVs तैयार कर रही हैं। बाज़ार में काफ़ी तेज़ प्रतिस्पर्धा बढ़ने वाली है और ग्राहकों को पेट्रोल, डीज़ल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक के साथ हर तरह की SUVs मिलेंगी। यहाँ हमने भारतीय बाजार में आने वाली 8 नई एसयूवी के बारे में जानकारी दी है।
1&2. New Tata Sierra ICE & EV

टाटा मोटर्स अपनी प्रसिद्ध सिएरा को वापस लाने की तैयारी कर रही है, जिसे कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। उम्मीद है की Sierra की वापसी की शुरुआत आने वाले महीनों में उसके इलेक्ट्रिक मॉडल से होगी। इसमें हैरियर ईवी के समान बैटरी पैक का उपयोग किया जाएगा, जो 500 किमी रेंज देने में सक्षम है। इसके बाद अगले साल की शुरुआत में पेट्रोल और डीज़ल वाले मॉडल भी लॉन्च किए जाएंगे।
3. Maruti Suzuki e Vitara

मारुति सुजुकी अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार, ई-विटारा को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जो आने वाले महीनों में ब्रांड के प्रीमियम नेक्सा आउटलेट्स पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगी। यह एसयूवी दो बैटरी पैक विकल्पों के साथ उपलब्ध होगी, जो एक बार चार्ज करने पर 500 किमी से ज़्यादा की रेंज प्रदान करने में सक्षम है। ई-विटारा में बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें आदि शामिल हैं।
4. Toyota Urban Cruiser BEV

टोयोटा अर्बन क्रूज़र BEV को भी हार्टेक्ट ई प्लेटफ़ॉर्म पर बनाया जाएगा और इसमें भी लगभग वही तकनीक मिलेगी। इसमें दो बैटरी विकल्प मिलेंगे और रेंज भी करीब-करीब e Vitara जैसी होगी। डिज़ाइन और साइज़ में थोड़े बदलाव होंगे, लेकिन फीचर्स लगभग वही रहेंगे। अर्बन क्रूज़र BEV को ई-विटारा के लॉन्च होने के तुरंत बाद बाज़ार में उतारा जाएगा।
5. New Gen Renault Duster

रेनो फिर से भारत में अपनी मशहूर डस्टर SUV को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इस बार यह बिल्कुल नए मॉडल के रूप में आएगी और इसके 2026 की पहली छमाही में लॉन्च होने की उम्मीद है। नई डस्टर को एक नए और बेहतर प्लेटफॉर्म (CMF-B+) पर बनाया जाएगा, जिससे इसका परफॉर्मेंस और फीचर्स पहले से बेहतर होंगे। लॉन्च के समय इसमें पेट्रोल इंजन मिलेगा और बाद में हाइब्रिड इंजन वाला वर्ज़न भी लाया जा सकता है।
6. Nissan Tekton

निसान एक बिल्कुल नई मिडसाइज़ एसयूवी टेक्टन को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जिसे अगले साल भारत में लाया जाएगा। अगली पीढ़ी की डस्टर वाले CMF-B+ प्लेटफॉर्म पर बनी टेक्टन में कई प्रमुख पुर्जे और मैकेनिकल पार्ट्स अपने समकक्ष मॉडल से ही मिलेंगे। डिज़ाइन के मामले में, निसान Tekton को कंपनी की मशहूर Patrol एसयूवी से प्रेरणा मिली है। इसके फ्रंट में मज़बूत निचला बम्पर, पावरफुल बोनट और सी-आकार के एलईडी हेडलैंप्स दिए गए हैं, जो इसे सड़क पर दमदार और स्टाइलिश लुक देते हैं।
7&8. Mahindra XUV700 Facelift & XEV 7e

महिंद्रा XUV700 के अपडेट पर काम कर रही है, जिसके 2026 की शुरुआत में बाज़ार में आने की उम्मीद है। इस नए मॉडल में मामूली एक्सटीरियर बदलाव, नया इंटीरियर और उन्नत सुविधाओं की सूची होगी, जबकि मौजूदा 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल और 2.2-लीटर डीज़ल इंजन समान गियरबॉक्स विकल्पों के साथ जारी रहेंगे। इसके अलावा, महिंद्रा XUVe8 पर आधारित XEV 7e नाम की एक 7-सीटर इलेक्ट्रिक SUV भी तैयार कर रही है।