आगामी 7-सीटर मारुति सुजुकी एक्सएल6 को अगले साल की शुरुआत में बीच वाली पंक्ति में बेंच सीट के साथ लॉन्च किय़ा जा सकता है
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिय़ा लिमिटेड (एसएसआईएल) ने भारतीय बाजार के लिए पाँच नए मॉडलों को लॉन्च करने की योजना बनाई है जिसमें नई जेनरेशन सेलेरियो हैचबैक, नई विटारा ब्रेज़ा सबकॉम्पैक्ट एसयूवी, बलेनो फेसलिफ्ट, अपडेटेड एर्टिगा और एक्सएल6 एमपीवी का 7 सीटर वर्जन शामिल है। इन कारों के साथ कंपनी अपने पोर्टफोलियो का विस्तार करने के साथ-साथ बाजार में हिस्सेदारी बढ़ाने का भी प्रयास करेगी।
बता दें कि मारूति सुजुकी ने भारत में अपने एर्टिगा एमपीवी के प्रीमियम वर्जन को अगस्त 2019 में मारुति एक्सएल6 के रूप में लॉन्च किया था, जो कि ब्रांड के हार्टेक्ट प्लेटफॉर्म पर आधारित है। इस वाहन को खरीददारों के लिए 6-सीटर लेआउट में पेश किया जाता है। वहीं फरवरी 2020 में जापानी वाहन निर्माता ने इंडोनेशियाई बाजार में सुजुकी एक्सएल7 (एक्सएल6 का 7-सीटर एडिशन) को लॉन्च किया था।
एक नई रिपोर्ट की मानें तो अगले साल की शुरूआत में संभवतः जनवरी 2022 में मारुति XL6 को भारत में 7-सीटर कॉन्फ़िगरेशन के साथ पेश किया जा सकता है, जहाँ इंडोनेशियाई मॉडल की तरह ही इंडियन स्पेक मॉडल का नाम भी मारुति एक्सएल7 हो सकता है। हालांकि यह नई एमपीवी एक्सएल6 की तुलना में करीब 5 मिमी लंबी और 10 मिमी चौड़ी है। नए मॉडल को बीच की पंक्ति में बेंच सीट के साथ पेश किया जा सकता है।

डिजाइन और स्टाइल के मामले में आगामी एक्सएल7 अपने छोटे भाई एक्सएल6 की समान होगी और इसके लिए कई सायकल पार्ट व फीचर्स मौजूदा एक्सएल6 से लिए जाएंगे। हालांकि 7-सीटर मॉडल को नए डिज़ाइन वाले अलॉय व्हील और थोड़े ज्यादा चौड़े टायरों के साथ पेश किया जा सकता है, जबकि टेलगेट पर कंट्रास्ट ब्लैक रूफ, रियर स्पॉइलर व एक्सएल7 बैज इसे एक्सएल6 से अलग करने में मदद करेगा।
इंडोनेशियाई स्पेक एक्सएल7 को एंड्रॉइड ऑटो और ऐप्पल कारप्ले कनेक्टिविटी के साथ 8-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, रियर कैमरा डिस्प्ले के साथ IRVM और बेंच-टाइप मिडिल रो सीटों के लिए फोल्डेबल आर्मरेस्ट के साथ पेश किया जाता है। लिहाजा उपर्युक्त मॉडल के इन फीचर्स को भी इंडियन स्पेक में मिलने की उम्मीद की जा सकती है।

पावरट्रेन विभाग में किसी तरह के बदलाव की उम्मीद नहीं है और इसे 1.5 लीटर K15B पेट्रोल इंजन मिलेगा। यह पावरट्रेन 105 पीएस की पावर और 138 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करने में सक्षम है। ट्रांसमिशन विकल्पों में 5-स्पीड मैनुअल और 4-स्पीड ऑटोमैटिक शामिल होंगे। पिछली रिपोर्ट की मानें तो कार निर्माता अपने एमपीवी लाइनअप में बीएस6 मानकों वाले 1.5 लीटर डीजल इंजन को भी पेश कर सकती है।