
भारतीय बाजार में अगले 4 से 5 हफ्तों में टाटा, महिंद्रा, मारुति और किआ की 7 नई SUVs डेब्यू करेंगी
मारुति सुजुकी, टाटा और महिंद्रा जैसी कंपनियाँ अगले कुछ हफ्तों में कई नए मॉडल खासकर इलेक्ट्रिक एसयूवी लाने की तैयारी में हैं। इनके अलावा किआ भी अपनी नई जनरेशन सेल्टोस को अगले महीने कोरिया में वैश्विक स्तर पर पेश करेगी। तेजी से बढ़ते एसयूवी सेगमेंट और बढ़ती ग्राहक मांग को देखते हुए ये लॉन्च ऑटोमोबाइल मार्केट में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। आने वाले मॉडल न सिर्फ नए डिज़ाइन और फीचर्स के साथ आएंगे, बल्कि कई एडवांस टेक्नोलॉजी, बेहतर सेफ्टी फीचर्स, नए इंजन विकल्प और लंबी रेंज जैसी खूबियाँ भी पेश करेंगे। यहाँ उन सभी लॉन्च की जानकारी दी गई है।
1&2. Tata Sierra (ICE&EV)

टाटा मोटर्स भारतीय बाजार में 25 नवंबर को नई सिएरा का ICE (पेट्रोल/डीजल) लॉन्च करेगी और उम्मीद है कि EV वर्ज़न भी इसी दिन पेश किया जा सकता है। इसका डिज़ाइन पुराने सिएरा से प्रेरित होगा, लेकिन इसमें आधुनिक फीचर्स जैसे ट्रिपल स्क्रीन सेटअप, बड़ा पैनोरमिक सनरूफ और लेवल 2 ADAS शामिल होंगे। साथ ही यह एसयूवी नए पेट्रोल इंजन के साथ भी आएगी। वहीं इलेक्ट्रिक वर्जन में हैरियर ईवी के समान बैटरी पैक शामिल होंगे।
3. Mahindra XEV 9S

महिंद्रा की पहली ऑल-इलेक्ट्रिक 7-सीटर एसयूवी XEV 9S की लॉन्चिंग 27 नवंबर को होगी। इसका डिज़ाइन XUV.e8 कॉन्सेप्ट से प्रेरित होगा और यह XUV700 जैसी झलक भी देगी। INGLO प्लेटफॉर्म पर बनी यह एसयूवी अपनी XEV 9e और BE.6 सीरीज़ के बैटरी पैक शेयर करेगी। इसकी रियल-वर्ल्ड रेंज 500 किमी से ज्यादा हो सकती है।
4. Maruti Suzuki e-Vitara

मारुति सुजुकी की पहली इलेक्ट्रिक कार e-विटारा अगले महीने लॉन्च होगी। इसकी मैन्युफैक्चरिंग गुजरात प्लांट में शुरू हो चुकी है, जो कंपनी का ग्लोबल हब है। यह 49 kWh और 61 kWh बैटरी पैक के साथ आएगी और एक बार चार्ज करने पर 500 किमी से ज्यादा की रेंज दे सकती है। इसकी बिक्री NEXA प्रीमियम डीलरशिप नेटवर्क के ज़रिए की जाएगी।
5&6. Tata Harrier & Safari Petrol

टाटा मोटर्स 9 दिसंबर को हैरियर और सफारी के पेट्रोल वर्ज़न लॉन्च करेगी। दोनों में नया 1.5L टर्बो GDI पेट्रोल इंजन दिया जाएगा, जो 168 पीएस की पावर और 280 एनएम का टॉर्क देगा। इसके साथ मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों गियरबॉक्स मिलेंगे। इसी इंजन का डेब्यू पहले सिएरा के साथ होगा, लेकिन पावर आउटपुट अलग होगा।
7. New Gen Kia Seltos

किआ की दूसरी जनरेशन सेल्टोस का ग्लोबल प्रीमियर 10 दिसंबर को दक्षिण कोरिया में होगा। इसके बाद यह भारत में 2026 की शुरुआत तक आ सकती है। टेस्टिंग के दौरान सामने आए मॉडल से पता चलता है कि इसका डिज़ाइन नई टेलुराइड से प्रेरित होगा और इसका आकार भी पहले से बड़ा होगा। इसके लिए हाइब्रिड इंजन का विकल्प भी आने की उम्मीद है।