
जनवरी 2026 में 7 नई कारों को भारतीय बाजार में लॉन्च किया जाएगा, जिनमें इलेक्ट्रिक मॉडल भी शामिल हैं
जनवरी 2026 का महीना भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार के लिए काफी खास रहने वाला है, क्योंकि इस दौरान कुल 7 नई कारें लॉन्च की जाएंगी। नए साल की शुरुआत EVs, बिल्कुल नए मॉडल्स और फेसलिफ्ट अपडेट्स के साथ बेहद रोमांचक होने वाली है। किआ, महिंद्रा, टाटा मोटर्स और मारुति सुजुकी जैसी बड़ी कंपनियां अपनी बहुप्रतीक्षित कारों को बाजार में उतारने की तैयारी कर चुकी हैं। यहाँ हमने जनवरी 2026 में लॉन्च होने वाली 7 नई कारों के बारे में जानकारी दी है।
1. New-Gen Kia Seltos

किआ ने हाल ही में भारत में दूसरी पीढ़ी की सेल्टोस को पेश किया है, जो नए K3 प्लेटफॉर्म पर आधारित है। यह SUV बाहर और अंदर दोनों ही मामलों में बिल्कुल नए डिजाइन के साथ आती है। साइज में यह पहले से 95 मिमी लंबी और 30 मिमी चौड़ी है, जबकि इसका व्हीलबेस 80 मिमी बढ़ गया है। नई सेल्टोस की बुकिंग 25,000 रुपये की टोकन राशि पर शुरू हो चुकी है। इसमें 1.5 लीटर NA पेट्रोल, 1.5 लीटर टर्बो डीजल और 1.5 लीटर tGDi पेट्रोल इंजन का विकल्प मिलेगा। इसकी कीमतों का ऐलान 2 जनवरी को होगा और डिलीवरी जनवरी के मध्य से शुरू होने की उम्मीद है।
2. Maruti Suzuki e Vitara

मारुति सुजुकी की पहली इलेक्ट्रिक कार ई-विटारा भी जनवरी 2026 में लॉन्च के लिए तैयार है। इसका पहले ही खुलासा किया जा चुका है और इसकी कीमतों की घोषणा 2 जनवरी को होगी। ई-विटारा डेल्टा, ज़ेटा और अल्फा के साथ तीन वेरिएंट्स में आएगी। इसमें 49 kWh और 61 kWh के दो बैटरी पैक विकल्प मिलेंगे, जिनकी ARAI रेंज 543 किलोमीटर तक होगी। Heartect-e प्लेटफॉर्म पर आधारित इस कार में फ्रंट-व्हील ड्राइव सेटअप मिलेगा और बड़े बैटरी पैक के साथ यह 172 bhp की पावर और 193 Nm का टॉर्क देगी।
3. Skoda Kushaq Facelift

स्कोडा कुशाक को भी जनवरी 2026 में अपना पहला मिड-लाइफ फेसलिफ्ट मिलने वाला है। फेसलिफ्ट मॉडल में नया फ्रंट डिजाइन, नए अलॉय व्हील्स और रिफ्रेश्ड रियर प्रोफाइल देखने को मिल सकता है। केबिन में हल्के बदलावों के साथ पैनोरैमिक सनरूफ, 360-डिग्री कैमरा और लेवल 2 ADAS जैसे नए फीचर्स जोड़े जा सकते हैं। इंजन विकल्प पहले जैसे ही रहेंगे, जिसमें 1.0 लीटर और 1.5 लीटर TSI पेट्रोल इंजन मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ मिलेंगे।
4. Mahindra XUV 7XO

महिंद्रा XUV700 के फेसलिफ्ट वर्जन को अब XUV 7XO नाम दिया गया है और इसका डेब्यू 5 जनवरी 2026 को होगा। इसमें नया एक्सटीरियर डिजाइन और अपडेटेड इंटीरियर मिलेगा, जो हाल ही में लॉन्च हुई इलेक्ट्रिक XEV 9S से प्रेरित होगा। SUV में ट्रिपल स्क्रीन डैशबोर्ड लेआउट, मसाज फ्रंट सीट्स, 6-सीटर वर्जन में रियर वेंटिलेटेड सीट्स, 16-स्पीकर प्रीमियम साउंड सिस्टम और मल्टी-कलर एम्बिएंट लाइटिंग जैसे फीचर्स मिलेंगे। इंजन विकल्पों में 2.0 लीटर mStallion पेट्रोल और 2.2 लीटर mHawk डीजल इंजन जारी रहेंगे।
5. Nissan Gravite MPV

निसान भी जनवरी 2026 में ग्रेवाइट नाम की नई कॉम्पैक्ट MPV के साथ एंट्री करने जा रही है। यह 7-सीटर MPV रेनो ट्राइबर पर आधारित होगी और इसका डेब्यू जनवरी में होगा। CMF-A+ प्लेटफॉर्म पर बनी इस MPV का डिजाइन और इंटीरियर ट्राइबर से अलग होगा, हालांकि इसका ओवरऑल शेप मिलता-जुलता रहेगा। इसमें 1.0 लीटर NA पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है, जो 76 एचपी की पावर और 95 एनएम का टॉर्क देगा।
6. Renault Duster

रेनो भी भारत में नई जनरेशन डस्टर को पेश करने की तैयारी में है। कंपनी ने पुष्टि की है कि इसे 26 जनवरी 2026 को भारत में अनवील किया जाएगा, हालांकि लॉन्च की तारीख अभी तय नहीं है। CMF-B प्लेटफॉर्म पर आधारित नई डस्टर में 1.3 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है, जो 154 bhp की पावर और 250 Nm का टॉर्क देगा। कंपनी इसके लिए लोकलाइज्ड हाइब्रिड पावरट्रेन पर भी विचार कर रही है। डिजाइन के मामले में यह इंटरनेशनल मॉडल जैसी ही होगी, लेकिन कुछ भारत-विशेष बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
7. Tata Punch Facelfit

अंत में टाटा पंच फेसलिफ्ट की बात करें तो इसे भी जनवरी 2026 में लॉन्च किया जाना है। टेस्टिंग के दौरान सामने आए तस्वीरों से पता चलता है कि इसमें नया एक्सटीरियर डिजाइन होगा, जो पंच EV से प्रेरित होगा। केबिन में नया स्टीयरिंग व्हील, अपडेटेड डैशबोर्ड, 10.25 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिल सकता है। मैकेनिकल तौर पर यह पहले की तरह 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन और CNG विकल्प के साथ आएगी।