मारुति सुजुकी इंडिया के पोर्टफोलियो में इस वक्त कुल 13 कारें शामिल हैं, जिसमें विभिन्न बॉडी स्टाइल में हैचबैक, सेडान, एसयूवी और एमपीवी आदि हैं
भारत में मारूति सुजुकी (Maruti Suzuki) सबसे ज्यादा बिकने वाली कार निर्माता कंपनी है। हालांकि वर्तमान में इसकी बाजार हिस्सेदारी 50 प्रतिशत के अंदर है। इसलिए कंपनी को लगता है कि ये आंकड़े पर्याप्त नहीं है। इसलिए कंपनी कई नई सेगमेंट पर कार्य कर रही है। हम इस लेख में आपको मारूति की आगामी 6 कारों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे आने वाले 7 से 8 महीनों में लॉन्च किया जा सकता हैः
1. नई जेनरेशन मारूति सेलेरियो (New Gen Celerio)
सेलेरियो को भारतीय बाजार में लगभग 7 साल हो चुके हैं और अब इसे बड़े अपग्रेड की आवश्यकता है, क्योंकि इस सेगमेंट में कॉम्पिटेटर की लोकप्रियता बढ़ रही है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए कंपनी इसके नए जेनरेशन पर कार्य कर रही है। इंटरनल इस्तेमाल के लिए इस कार को ‘YNC’ का कोडनेम दिया गया है, जिसे संभवत: इस साल लॉन्च किया जा सकता है।

पावर देने के लिए इस कार में बीएस6 नार्म्स वाले 1.0-लीटर नेचुरल एस्पिरेटेड 3-सिलेंडर K10B पेट्रोल इंजन का इस्तेमाल किया जा सकता है। यह इंजन अभी सेलेरियो में ड्यूटी पर है। इंजन अपग्रेड के अलावा कार में कई नए फीचर्स भी जोड़े जाएंगे।
2. मारूति स्विफ्ट ड्यूलजेट 1.2 लीटर (Swift DualJet 1.2L)
इंडियन स्पेक स्विफ्ट को जल्द ही नया रूप देने की तैयारी है और मिड-लाइफ रिफ्रेश के साथ कार को कुछ कॉस्मेटिक अपडेट और नए फीचर्स मिलेंगे। कार में किय़ा गया सबसे मुख्य अपडेट हुड के तहत किया जाएगा। अब तक स्विफ्ट को केवल 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ पेश किया गया है जो 83 पीएस की पावर और 113 एनएम का टॉर्क उत्पन्न करता है।
नई स्विफ्ट फेसलिफ्ट को मारुति के 1.2-लीटर डुअलजेट इंजन के साथ पेश किया जाएगा जो डिजायर फेसलिफ्ट और बलेनो में है। यह इंजन 90 पीएस की पावर और 113 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है और माइल्ड-हाइब्रिड तकनीक के साथ आता है। इसका मतलब है कि कार के प्रदर्शन और माइलेज में सुधार होगा।
3. मारूति वैगन आर ईवी (Wagon R EV/XL5)

मारुति सुजुकी भारत में वैगन आर के आल इलेक्ट्रिक एडिशन को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। यह कंपनी का भारत में पहली इलेक्ट्रिक वर्जन भी होगी। कंपनी ने करीब दो साल पहले ही इस इलेक्ट्रिक कार को लॉन्च करने की योजनाओं की पूष्टि की थी। यह इलेक्ट्रिक कार भारत में बेची जा रही वैगन आर से अपने कई पार्ट शेयर करेगी। हालांकि अभी इसके डिजाइन का खुलासा होना बाकी है। इसकी कीमत 10 लाख रूपए से शुरू हो सकती है।
4. नई 800 सीसी कार (New 800 cc)
मारूति सुजुकी जल्द ही अपनी ऑल्टो 800 को नई 800 सीसी कार से रिप्लेस कर सकती है। क्योंकि यह कार बहुत पुरानी हो गई है, जबकि कॉम्पिटेटर काफी ट्रेंडी हैं। इस नई 800 सीसी कार को एस-प्रेसो के लिए इस्तेमाल किए गए प्लेटफार्म पर विकसित किया जा सकता है। पावर देने के लिए इसमें 796 सीसी वाले 3-सिलेंडर नेचुरल एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 48 पीएस की अधिकतम पावर और 69 एनएम का टॉर्क जेनरेट करेगी। ट्रांसमिशन को स्टैंडर्ड रूप में 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स द्वारा कंट्रोल किया जाएगा, जबकि खरीदारों को आकर्षित करने के लिए ऑप्शनल ऑटोमेटिक भी पेश किया जा सकता है।
5. मारूति सुजुकी जिम्नी (Maruti Jimny SUV)
मारूति सुजुकी जिम्नी को इस साल ऑटो एक्सपो 2020 में भारत में शोकेश किया गया था और यहां से मिले जबरदस्त फीडबैक के बाद इसे भारत में लाने की योजना पर मारूति सुजुकी तेजी से कार्य कर रही है। भारत में इसे 3-डोर एसयूवी की बजाय 5-डोर एडिशन में लॉन्च किया जाएगा। कार में ब्रेजा के समान 1.5-लीटर वाले 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन को पेश किया जाएगा, जो 105 पीएस की पावर और 138 एनएम का टॉर्क देगा।

मारूति जिम्नी के साथ ऑफ़-रोडिंग के लिए कम-रेंज वाले गियरबॉक्स के साथ-साथ 5 स्पीड MT गियरबॉक्स जोड़े जाने की उम्मीद है। एसयूवी के साथ एक वैकल्पिक ऑटोमेटिक गियरबॉक्स भी पेश किया जा सकता है। यह भारत में 7 से 8 महीने के बीच लॉन्च की जा सकती है।
6. मारूति सियाज सीएनजी (Maruti Ciaz CNG)
मारुति सुजुकी ने भारत में बीएस6 नार्म्स लागू होने के बाद डीजल इंजन से लैस वाहनों को पेश करना बंद कर दिया है और कंपनी पेट्रोल के साथ-साथ सीएनजी पावरट्रेन के साथ वाहनों को पेश करने की योजना पर तेजी से कार्य कर रही है। हालांकि कंपनी ने पहले ही सीएनजी पावरट्रेन के साथ ऑल्टो, सेलेरियो, वैगन आर, एर्टिगा, डिजायर और ईको को पेश कर चुकी है।
मारूति सुजुकी अब अपनी प्रमुख सेडान सियाज को सीएनजी एडिशन के साथ पेश कर सकती है। अब तक सियाज़ को हल्के-हाइब्रिड तकनीक के साथ केवल 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन (105 PS / 138 Nm) के साथ पेश किया गया है। CNG किट जोड़ने से इस पावरट्रेन की पावर और टॉर्क आउटपुट थोड़ा कम हो जाएगा।