भारतीय बाजार में अगले महीने विनफास्ट, मारुति सुजुकी, महिंद्रा जैसे निर्माताओं की ओर से इलेक्ट्रिक वाहनों सहित कई नई कारें लॉन्च होंगी
दिवाली का त्योहारी सीजन आते ही भारत के ऑटो ब्रांड घरेलू बाजार में अपनी नई कारें लॉन्च करने के लिए तैयार रहते हैं। आमतौर पर ये समय नई कारें खरीदने के लिए काफी शुभ माना जाता है और इसलिए इन महीनों में बिक्री भी काफी ज्यादा होती है। इसलिए, ज्यादा बिक्री और ग्राहकों की शानदार प्रतिक्रिया की उम्मीद में ऑटो ब्रांड इस दौरान अपनी नई कारें लॉन्च करने के लिए उत्सुक रहते हैं। यहाँ हम भारत में सितंबर 2025 में लॉन्च होने वाली 6 नई कारों की जानकारी लेकर आए हैं।
1&2. Vinfast VF6 और VF7
विनफास्ट 6 सितंबर को भारतीय बाजार में अपनी दो इलेक्ट्रिक एसयूवी, VF6 और VF7 के लॉन्च के साथ बिक्री शुरू करेगा। VF6 अपने 59.6 kWh बैटरी पैक और 480 किलोमीटर की ड्राइविंग रेंज के साथ Hyundai Creta EV, MG ZS EV और Mahindra BE6 को सीधी टक्कर देगी, जबकि VF7 अपने 70.8 kWh बैटरी पैक और एक बार फुल चार्ज होने पर 450 किलोमीटर की रेंज के साथ Tata Harrier EV और Mahindra XEV 9e को कड़ी टक्कर देगी।

विनफास्ट VF6 की कीमत 20-25 लाख रुपये के बीच रहने की संभावना है, जबकि VF7 की कीमत 25-30 लाख रुपये के बीच रहने की उम्मीद है। ऊपर बताई गई दोनों कीमतें एक्स-शोरूम हैं। दोनों इलेक्ट्रिक एसयूवी की बुकिंग 15 जुलाई से 21,000 रुपये के टोकन राशि पर शुरू हो चुकी हैं। इन दोनों का उत्पादन तमिलनाडु के थूथुकुडी स्थित इलेक्ट्रिक वाहन ब्रांड के प्लांट में स्थानीय स्तर पर किया जाएगा।
3. New Maruti Midsize SUV

मारुति सुजुकी 3 सितंबर को देश में एक नई मिडसाइज एसयूवी लॉन्च करने के साथ अपने एसयूवी पोर्टफोलियो का विस्तार करने के लिए तैयार है। इसका नाम Escudo होने की संभावना है और इसे पूरे भारत में एरिना डीलरशिप के जरिए बेचा जाएगा। पता चला है कि आने वाली मारुति मिडसाइज एसयूवी लंबाई में ग्रैंड विटारा से बड़ी होगी और इसमें स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन सेटअप सहित प्लेटफॉर्म और इंजन विकल्प ग्रैंड विटारा से लिए जाएंगे। यह भी माना जा रहा है कि एस्कुडो ग्रैंड विटारा से ज्यादा फीचर्स से भरपूर होगी और इसकी शुरुआती कीमत लगभग 10 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से अधिक हो सकती है।
4. Mahindra Thar 3-door facelift

महिंद्रा 3-डोर थार के फेसलिफ्ट वर्जन के सितंबर में लॉन्च होने की उम्मीद है। टेस्टिंग के दौरान कई बार देखी जा चुकी इस फेसलिफ्टेड थार में बाहर और अंदर दोनों तरफ कुछ छोटे-मोटे बदलाव देखने को मिलेंगे। ज़्यादातर स्टाइलिंग अपडेट 5-डोर थार रॉक्स से प्रेरित होंगे। केबिन में प्रीमियम फीचर्स जैसे फ्री-स्टैंडिंग 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम शामिल होगा। मैकेनिकल तौर पर इसमें वही पेट्रोल और डीजल इंजन लगे रहेंगे जिनमें RWD और 4WD सिस्टम होंगे।
5. Citroen Basalt X

सिट्रोएन इंडिया ने 22 अगस्त को देश भर में अपनी डीलरशिप और वेबसाइट पर 21,000 रुपये के टोकन अमाउंट पर नई बेसाल्ट एक्स लाइन-अप की प्री-बुकिंग शुरू कर दी है। ‘सिट्रोएन 2.0 रणनीति के तहत निर्मित ये बेसाल्ट रेंज का टॉप-एंड मॉडल होगा और इसे सितंबर के मध्य में लॉन्च करने की योजना है। टीजर इमेज के अनुसार, सिट्रॉएन बेसाल्ट एक्स अतिरिक्त फीचर्स और नए कलर से लैस होगी। इसमें वही 1.2 लीटर 3-सिलेंडर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन होगा, जो मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स विकल्पों के साथ आएगा।
6. Volvo EX30

अब तक की सबसे किफायती वोल्वो ईवी मानी जा रही EX30 को भारतीय बाजार में सितंबर 2025 में लॉन्च किया जाएगा। इसकी सीधी टक्कर BMW iX1 LWB, Hyundai Ioniq 5 और BYD Sealion 7 से होगी और इसकी एक्स-शोरूम कीमत लगभग 50 लाख रुपये होने वाली है। वोल्वो EX30 में 69 kWh का बैटरी पैक लगा होगा, जो पूरी तरह चार्ज होने पर 480 किमी (WLTP साइकिल) की ड्राइविंग रेंज देगा। 150 kW DC चार्जर से बैटरी को मात्र 25 मिनट में पूरी तरह चार्ज किया जा सकता है। वोल्वो इस इलेक्ट्रिक पावरट्रेन पर 8 साल की स्टैंडर्ड वारंटी दे रही है।