
भारतीय बाजार के लिए कार निर्माता कंपनियां ज्यादा किफायती एसयूवी को पेश करने के लिए काम कर रही हैं और इन दिनों इनका मार्केट काफी गर्म है
स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (SUV) पिछले कुछ वर्षों से चर्चा का विषय बना हुआ है और भारत में इनकी लोकप्रियता समय के साथ बढ़ रही है। देश में एसयूवी की लगातार बढ़ती मांग के कारण कई नए और अधिक किफायती एसयूवी सेगमेंट की शुरुआत हुई है, जबकि खरीददारों के एक व्यापक समूह को आकर्षित करने के लिए कई निर्माता इस सेगमेंट में आने की योजना बना रहे हैं।
इलके अलावा भारतीय बाजार में किफायती कारों की खरीद को देखते हुए कई कार निर्माताओं की नजर इस बाजार पर है। इसलिए इस सेगमेंट में भी वे अपनी नई कारों को पेश करने पर कार्य कर रही है। लिहाजा हम इस लेख में आपको 10 लाख के अंदर आने वाली 5 नई किफायती एसयूवी के बारे में बताने जा रहे हैं:
1. रेनो काइगर (Renault Kiger)

हाल ही में निसान (Nissan) ने मैग्नाइट (Magnite) के साथ कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में कदम रखा है और जल्द ही इसके सिबलिंग मॉडल रेनो काइगर भी भारत में पेश हो सकती है। 28 जनवरी को इससे पर्दा हटने वाला है, यह दोनों कारें सीएमएफ ए+ मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म पर आधारित हैं और काइगर को पावर देने के लिए संभवतः 1.0-लीटर NA पेट्रोल इंजन और 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेगा। काइगर की USP इसकी कीमत होगी और इसे इलेक्ट्रिक सनरूफ जैसे कई खास फीचर्स मिल सकते हैं।
2. टाटा एचबीएक्स (Tata HBX)

टाटा मोटर्स ने पिछले साल के ऑटो एक्सपो में अपनी एक माइक्रो एसयूवी टाटा एचबीएक्स के कॉन्सेप्ट को प्रदर्शित किया था, जिसके उत्पादन एडिशन को कई बार रोड टेस्ट के दौरान देखा जा चुका है। उम्मीद है कि इस कार को अप्रैल या मई 2021 के आस-पास हार्नबिल के रूप में लॉन्च किया जाएगा। फीचर्स के रूप में इस कार को स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, एक सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, LED DRLs के साथ स्प्लिट हेडलैंप, हरमन-सोर्स ऑडियो सिस्टम और बहुत कुछ के साथ टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलने की उम्मीद है।
3. हुंडई AX1 (Hyundai AX1)

भारत में आगामी हुंडई AX1 मूलरूप से Tata HBX / Hornbill के मुकाबले पेश की जाएगी और इसे इंटरनल रूप से AX1 का नाम दिया गया है। इस कार को कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जो कि कवर से ढ़की हुई थी। उम्मीद है कि यह नई एसयूवी सेंट्रो की तरह K1 प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी और हुंडई की डिजाइन भाषा का पालन करेगी। पावर देने के लिए इस कार को 1.0-लीटर नेचुरल एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिल सकता है, जो कि 5-स्पीड एमटी और वैकल्पिक एएमटी के साथ होगा।
4. सिट्रॉन C3 (Citroen C3)

C3 के नाम से जानी जाने वाली सब-4-मीटर एसयूवी को भारत में C-Cubed प्रोग्राम के तहत लॉन्च किया जाएगा और यह भारत में C5 एयरक्रॉस के बाद पेश की जा सकती है। इंटरनल रूप से C21 के नाम से जानी जाने वाली इस कार को पिछले साल टेस्टिंग के दौरान देखा गया था और इसे इस साल के दूसरे भाग में लॉन्च किया जा सकता है। C3 कंपनी के CMP प्लेटफॉर्म पर आधारित हो सकती है और इसे 1.2-लीटर, 3-सिलेंडर प्योरटेक पेट्रोल पावरट्रेन मिल सकता है। कार को एलईडी डीआरएल के साथ हेडलैम्प आदि भी मिल सकते हैं।
5. फोर्ड इकोस्पोर्ट फेसलिफ्ट (Ford EcoSport Facelift)
फोर्ड इकोस्पोर्ट भारतीय बाजार में सबसे पुरानी सब-4-मीटर एसयूवी में से एक है, लेकिन अभी कार को एक बड़ा अपडेट मिलना बाकी है, क्योंकि यह कार अपने प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले काफी पुरानी लग रही है। हालांकि कंपनी अब इस कार के फेसलिफ्ट मॉडल को लॉन्च करने पर कार्य कर रही है, जिसे जल्द लॉन्च किया जाएगा। कार में बड़ी ग्रिल और नए हैडलैंप्स के साथ स्पोर्टी फ्रंट बंपर दिया जाएगा, जबकि 360-डिग्री कैमरा सहित कुछ नए फीचर्स भी पेश किए जा सकते हैं।

हालांकि ज्यादा खरीदारों को लुभाने के लिए अमेरिकी कार निर्माता ने 2021 ईकोस्पोर्ट के वैरिएंट लाइन-अप में फेरबदल किया है। अब फोर्ड ईकोस्पोर्ट की शुरूआती कीमत 7.99 लाख रुपये तय की गई है, जबकि इसके पहले यह कीमत 8.19 लाख रुपए से शुरू थी। इसी तरह कार के बेस डीजल ट्रिम की कीमत 8.69 लाख रुपये (सभी कीमतें, एक्स-शोरूम) से शुरू है। इसके अलावा फोर्ड ईकोस्पोर्ट के थंडर एडिशन सहित कई ट्रिम को बंद कर दिया है, कंपनी अब सनरूफ के साथ टाइटेनियम ट्रिम की पेशकश कर रही है और अब इकोस्पोर्ट लाइन-अप के आधे हिस्से के साथ इलेक्ट्रिक सनरूफ दी जा रही है।