भारत में लॉन्च होने के बाद किआ सोनेट का मुकाबला हुंडई वेन्यू, फोर्ड इकोस्पोर्ट, टाटा नेक्सन और मारुति विटारा ब्रेजा जैसी कारों से होगा
किआ मोटर्स (Kia Motors) ने पिछले साल किआ सेल्टोस (Kia Seltos) के साथ भारतीय बाजार में प्रवेश किया था और इस एसयूवी के साथ कंपनी काफी सफल रही है। इसके बाद इस कोरियाई कार निर्माता ने कहा था कि कंपनी भारतीय बाजार में हर छह महीने पर एक नए प्रोडक्ट को लॉन्च करने की योजना बना रही है और इसी रणनीति के तहत ऑटो एक्सपो 2020 में किआ कार्निवाल एमपीवी को लॉन्च किया गया था।
किआ मोटर्स सेल्टोस और कॉर्निवाल के बाद अब देश में अपने तीसरी कार किआ सोनेट (Kia Sonet) को लॉन्च करने के लिए तैयार है। इस एसयूवी के कॉन्सेप्ट वर्जन को ऑटो एक्सपो 2020 में शोकेस किया गया था और अब यह अगले महीने भारत में लॉन्च होने वाली है। आपको लॉन्च होने के पहले इस एसयूवी के बारे में 5 प्रमुख बातें जाननी चाहिएः
1. डिज़ाइन (Design)
किआ ने 2020 ऑटो एक्सपो में कॉन्सेप्ट फॉर्म में सोनेट को शोकेस किया था और प्रोडक्शन मॉडल काफी हद तक कॉन्सेप्ट मॉडल की तरह है। फ्रंट में किआ का सिग्नेचर टाइगर-नोज ग्रिल, एलईडी हेडलैम्प्स, डीआरएल, स्टाइलिश दिखने वाले डायमंड-कट अलॉय व्हील और एलईडी टेल लैंप्स को जोड़ने वाला एलईडी बार है। जीटी लाइन ट्रिम में अतिरिक्त रूप से अलॉय व्हील पर रेड हाइलाइट है।

इसके अलावा रेड ब्रेक कैलीपर्स, फ्रंट बम्पर पर रेंड एक्सेंट इसका प्रमुख हिस्सा है, जबकि टेक लाइन वेरिएंट में फ्रंट और रियर फॉक्स स्किड प्लेट है। केबिन में लेदर स्पोर्ट सीट और रेड स्ट्रिच विपरीत आल ब्लैक थीम मिला है। दूसरी ओर टेक लाइन ट्रिम्स 4 अलग-अलग इंटरनल कलर और सीट पैटर्न के साथ उपलब्ध होगी, जिसमें दो बेज और ब्लैक डुअल टोन विकल्प के साथ-साथ दो ऑल-ब्लैक थीम शामिल हैं।
2. पॉवरट्रेन (Powertrain)
किआ सोनेट को पावर देने के लिए तीन इंजन ऑप्शन मिलेंगे, जिसमें 1.2-लीटर NA पेट्रोल मोटर है जो 83 PS की पावर और 113 Nm का टॉर्क देती है, जबकि 1.0-लीटर तीन-सिलेंडर टर्बोचार्ज्ड TGDi पेट्रोल मोटर 120 PS की अधिकतम पावर और 172 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। तीसरा विकल्प 1.5-लीटर डीजल इंजन है, जो मैनुअल गियरबॉक्स के साथ 100 PS की पावर और 240 Nm का टॉर्क और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ 115 PS की पावर और 250 Nm का टॉर्क उत्पन करता है।

ट्रांसमिशन में 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन के लिए 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स, 1.5-लीटर डीज़ल इंजन के लिए 6-स्पीड MT और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर AT मिलेगा। वहीं 1.0-लीटर TGDi टर्बो-पेट्रोल यूनिट के लिए 6-स्पीड iMT (इंटेलिजेंट मैनुअल ट्रांसमिशन) और वैकल्पिक 7-स्पीड डीसीटी मिलेगा।
3. फीचर्स (Features)
सोनेट को कई खूबियों के साथ पैक किया गया है। इसके इक्वीपमेंट लिस्ट में Apple CarPlay और Android Auto को सपोर्ट करना वाला 10.25-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, इलेक्ट्रिक सनरूफ, बोस प्रीमियम ऑडियो सिस्टम, UVO कनेक्टेड कार टेक, AI वॉयस रिकग्निशन आदि शामिल हैं। इसके अलावा कार में 4.2-इन कलर एमआईडी, एलईडी साउंड मूड लाइट्स, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, वायरस प्रोटेक्शन वाला एयर प्यूरीफायर, वायरलेस स्मार्टफोन चार्जर, ऑटो-डिमिंग आईआरवीएम भी पैकेज का हिस्सा होगा।

4. सेफ्टी (Safety)
सेफ्टी के मोर्चे पर सोनेट को 6 एयरबैग, EBD के साथ ABS, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल असिस्ट कंट्रोल, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, ऑटोमैटिक हैडलैंप्स, फ्रंट और रिवर्स पार्किंग सेंसर, गाइडलाइन के साथ रिवर्स पार्किंग कैमरा, ब्रेक असिस्ट ट्रैक्शन कंट्रोल (केवल DCT के लिए) और व्हीकल स्टेबिलिटी मैनेजमेंट आदि मिले हैं।
5. कीमत और कॉम्पिटेटर (Price and Competitor)

अभी तक किआ मोटर्स ने सोनेट की कीमत से पर्दा नहीं हटाया है, लेकिन उम्मीद है कि इसकी कीमत 7 लाख से लेकर 12 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच हो सकती है। लॉन्च होने पर इस सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी का मुकाबला हुंडई वेन्यू, फोर्ड इकोस्पोर्ट, टाटा नेक्सन, महिंद्रा एक्सयूवी 300, मारुति सुजुकी विटारा ब्रेजा और आगामी टोयोटा अर्बन क्रूजर, रेनो काइगर और निसान मैग्नाइट से होगा।